भारत

Aqua Line: मुंबई को मिली पहली अंडरग्राउंड मेट्रो, 24 जुलाई से दौड़ेगी पटरी पर

यह मेट्रो कोलाबा, सीईपीजेड और बांद्रा जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ेगी। इस 33.5 किलोमीटर लंबी लाइन में आरे कॉलोनी से लेकर कफ परेड तक कुल 27 स्टेशन होंगे।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 17, 2024 | 8:26 PM IST

मुंबई को जल्द ही अपनी पहली अंडरग्राउंड मेट्रो मिलेगी। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बुधवार को बताया कि मेट्रो 3 यानी एक्वा लाइन 24 जुलाई से शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मुंबईवासियों का जीवन आसान बनाने का वादा किया था, जो अब पूरा होने जा रहा है। यह मेट्रो शहर की यात्रा को और तेज़ बनाएगी।

यह मेट्रो कोलाबा, सीईपीजेड और बांद्रा जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ेगी। इस 33.5 किलोमीटर लंबी लाइन में आरे कॉलोनी से लेकर कफ परेड तक कुल 27 स्टेशन होंगे।

मुंबई की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन नंबर 3, यानी एक्वा लाइन, सरकार (मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण) ने ही बनाई है। पहले वाली लाइन 1 में प्राइवेट कंपनी रिलायंस की मदद ली गई थी। सरकार का कहना है कि ये नई मेट्रो लाइन शहर की यात्रा को बहुत आसान बना देगी और सड़कों पर भीड़ कम हो जाएगी। इस मेट्रो में एक बार में तीन हजार लोग सफर कर सकेंगे और हर दिन 17 लाख लोग यात्रा कर पाएंगे।

इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 23,136 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें से ज्यादातर पैसे जापान की एक कंपनी ने फाइनेंस किए हैं। फिलहाल मुंबई में लाइन 1, 2A और 7 चल रही हैं, बाकी बन रही हैं। इस नई लाइन 3 से शहर में यात्रा करना खासकर दक्षिण मुंबई के लोगों के लिए बहुत आसान हो जाएगा।

मई में इस मेट्रो सफल ट्रायल किया गया था और ये आरे कॉलोनी से दादर तक बिना किसी दिक्कत के चली थी।

First Published : July 17, 2024 | 8:26 PM IST