BMC Election: महाराष्ट्र में बीएमसी सहित सभी 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए कल यानी गुरुवार को मतदान होगा और सबकी नजर मुंबई पर टिकी है, जहां आर्थिक रूप से समृद्ध बीएमसी पर शासन को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन महायुति और ठाकरे बंधुओं के मोर्चे के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है। मुंबई नगर निगम चुनाव में 1 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने के मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
महाराष्ट्र के नगर निकायों की 2,869 सीट के लिए 15 जनवरी को सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू होगा और शाम 5:30 बजे समाप्त होगा। कुल 3.48 करोड़ मतदाता 15,931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें मुंबई के 1,700 और पुणे के 1,166 प्रत्याशी शामिल हैं। मतगणना 16 जनवरी को होगी। बीएमसी चुनाव और मतगणना के दौरान मुंबई में वरिष्ठ अधिकारियों समेत 25,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
Also Read: खेतों में उतरी AI तकनीक: कम लागत, ज्यादा पैदावार और किसानों के लिए नई राह
29 नगर निगमों के चुनाव छह साल से अधिक समय के अंतराल के बाद हो रहे हैं, क्योंकि इनके कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे। इन नगर निगमों में छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, मुंबई, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड़, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणि, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड़, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी शामिल हैं।
महायुति और शिवसेना (उबाठा)-मनसे दोनों के घोषणापत्रों में महिलाओं के लिए लोकलुभावन वादे प्रमुख रहे। महायुति ने बेस्ट बस यात्रा में महिलाओं को 50 प्रतिशत रियायत देने का वादा किया है, जबकि ठाकरे बंधुओं ने घरेलू कामकाजी महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक भत्ता और 700 वर्ग फुट तक के मकानों पर संपत्ति कर माफ करने का आश्वासन दिया है। वहीं कांग्रेस के घोषणापत्र में मुंबई के प्रदूषण से निपटना, बेस्ट बसों का उन्नयन और शहर की वित्तीय सेहत को मजबूत बनाना प्राथमिकता है।
Also Read: महाराष्ट्र का अनार अमेरिका के लिए रवाना, JNPT बंदरगाह से पहला कंटेनर समुद्र मार्ग से भेजा गया
227 वार्ड वाले मुंबई में भाजपा 137, शिवसेना 90 और राकांपा 94 सीटों सीट पर चुनाव लड़ रही है। शिवसेना (उबाठा) ने 163, मनसे ने 52, कांग्रेस ने 143 और वीबीए ने 46 उम्मीदवार उतारे हैं। मुंबई में कुल 1 करोड़ 3 लाख 44 हजार 315 वोटर्स हैं। इनमें से 55 लाख 16 हजार 707 पुरुष और 48 लाख 26 हजार 509 महिला वोटर्स और 1 हजार 99 अन्य वोटर्स हैं। 2 हजार 278 जगहों पर 10 हजार 231 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इन पोलिंग स्टेशनों पर सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक वोटिंग की जा सकेगी।
यह 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहला बीएमसी चुनाव होगा। उस साल एकनाथ शिंदे पार्टी के अधिकतर विधायकों के साथ अलग हो गए थे और बाद में पार्टी का नाम व चुनाव चिह्न दोनों उन्हें मिल गए थे। अविभाजित शिवसेना ने देश के सबसे अमीर नगर निकाय बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर 25 वर्ष तक शासन किया था।
चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम के तहत, दो दशक पहले अलग हुए चचेरे भाई उद्धव और राज ठाकरे मराठी मतदाताओं को एकजुट करने के लिए फिर साथ आए, वहीं पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में राकांपा के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने गठबंधन किया है।
इस चुनाव में विपक्षी कांग्रेस ने मुंबई में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए महाविकास आघाडी (एमवीए) के अपने सहयोगियों शिवसेना (उबाठा) और शरद पवार की राकांपा (एसपी) का साथ छोड़कर अलग राह अपनाई है। कांग्रेस ने राज्य की राजधानी में प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाड़ी और राष्ट्रीय समाज पक्ष से हाथ मिलाया है, जबकि नागपुर में वह अकेले चुनाव लड़ रही है।