भारत

Chhattisgarh: स्टील प्लांट में हादसा, एक मजदूर की मौत

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार को जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 03, 2024 | 3:58 PM IST

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक निजी इस्पात संयंत्र में हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रामगोपाल करियारे ने बताया कि बुधवार की रात जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड, नहरपाली के ब्लास्ट फर्नेस में काम करने के दौरान कन्वेयर बेल्ट में फंस जाने से मजदूर यादराम यादव (32) गंभीर रूप से घायल हो गया।

करियारे ने बताया कि घटना के बाद घायल मजदूर को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अपोलो अस्पताल, बिलासपुर भेज दिया गया। वहां उपचार के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार को जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि प्रबंधन से उचित मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। अधिकारियों के अनुसार, भूपदेवपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।

First Published : August 3, 2024 | 3:58 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)