facebookmetapixel
प्रीमियम स्कूटर बाजार में TVS का बड़ा दांव, Ntorq 150 के लिए ₹100 करोड़ का निवेशGDP से पिछड़ रहा कॉरपोरेट जगत, लगातार 9 तिमाहियों से रेवेन्यू ग्रोथ कमजोरहितधारकों की सहायता के लिए UPI लेनदेन पर संतुलित हो एमडीआरः एमेजॉनAGR बकाया विवाद: वोडाफोन-आइडिया ने नई डिमांड के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख कियाअमेरिका का आउटसोर्सिंग पर 25% टैक्स का प्रस्ताव, भारतीय IT कंपनियां और GCC इंडस्ट्री पर बड़ा खतरासिटी बैंक के साउथ एशिया हेड अमोल गुप्ते का दावा, 10 से 12 अरब डॉलर के आएंगे आईपीओNepal GenZ protests: नेपाल में राजनीतिक संकट गहराया, बड़े प्रदर्शन के बीच पीएम ओली ने दिया इस्तीफाGST Reforms: बिना बिके सामान का बदलेगा MRP, सरकार ने 31 दिसंबर 2025 तक की दी मोहलतग्रामीण क्षेत्रों में खरा सोना साबित हो रहा फसलों का अवशेष, बायोमास को-फायरिंग के लिए पॉलिसी जरूरीबाजार के संकेतक: बॉन्ड यील्ड में तेजी, RBI और सरकार के पास उपाय सीमित

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 सीट पर मतदान जारी

Lok Sabha Polls 2024: इस चरण में 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.88 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

Last Updated- May 07, 2024 | 9:16 AM IST
Voting
Representative Image

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश में 10 सीट के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया जो कि शाम छह बजे तक जारी रहेगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीट- संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया।

उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। इस बीच, समाजवादी पार्टी (सपा) ने मैनपुरी के किशनी में बूथ संख्या 67 पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों को बिना पहचानपत्र के वोट डलवाए जाने का आरोप लगाया है। इसके अलावा, किशनी में ही सेक्टर-18 के बूथ संख्या-166, सेक्टर 19 के बूथ संख्या-150 और भोगांव में बूथ संख्या 41, 42, 43 पर पीठासीन अधिकारी द्वारा सपा के एजेंट बनने से रोके जाने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान स्थलों पर मतदाताओं एवं मतदान कर्मचारियों को गर्मी और लू से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

मतदान केंद्रों पर जहां तक मतदाताओं की कतार होगी, वहां तक छाया की व्यवस्था तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। मतदाताओं के लिए मतदेय स्थलों पर छाया हेतु अलग से टेंट लगाया गया है। रिणवा ने बताया कि मतदेय स्थलों पर मेडिकल किट (ओ.आर.एस पैकेट सहित) का प्रबंध किया गया है। इसके साथ ही सहयोग के लिए बूथों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ स्वास्थ्यकर्मी की तैनाती की गयी है। इस चरण में 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.88 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

इनमें एक करोड़ से अधिक पुरुष मतदाता और 87 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं। तीसरे चरण में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल (आगरा), उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह (मैनपुरी) और राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि (हाथरस) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

लोकसभा चुनाव का यह दौर सपा के यादव परिवार के लिए भी महत्वपूर्ण है। डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट को बरकरार रखने के लिये प्रयास कर रही हैं, जिसे उन्होंने अपने ससुर एवं सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जीता था। सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद सीट को फिर से हासिल करने की कोशिश करेंगे। इस सीट को उन्होंने 2014 में जीता था। बदायूं लोकसभा सीट से चुनावी शुरुआत कर रहे आदित्य यादव सपा का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट को जीतना चाहेंगे। वर्ष 2014 में बदायूं सीट पर आदित्य के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने जीत हासिल की थी। तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा संसदीय क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।

बरेली में मुख्य मुकाबला भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा के प्रवीण सिंह ऐरन के बीच है। इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार मास्टर छोटे लाल गंगवार का नामांकन पत्र खारिज हो गया है।

इस चरण में जिन 10 लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है, उनमें से पांच पर भाजपा ने नए चेहरों को टिकट दिया है-बरेली से छत्रपाल सिंह गंगवार (संतोष गंगवार की जगह), बदायूं से दुर्विजय सिंह शाक्य (संघमित्रा मौर्य की जगह), हाथरस से अनूप प्रधान वाल्मीकि (राजवीर सिंह दिलेर की जगह), फिरोजाबाद से विश्वदीप सिंह (चंद्रसेन जादौन की जगह) और मैनपुरी लोकसभा सीट से जयवीर सिंह मैदान में हैं। भाजपा ने एटा, आगरा, आंवला और फतेहपुर सीकरी से विजयी उम्मीदवारों को बरकरार रखा है। दल ने संभल लोकसभा सीट से परमेश्वर लाल सैनी को भी टिकट दिया है। तीसरे चरण में कांग्रेस ने फतेहपुर सीकरी से रामनाथ सिंह सिकरवार को मैदान में उतारा है, जबकि उसके सहयोगी दल सपा ने बाकी नौ संसदीय क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

First Published - May 7, 2024 | 8:51 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट