Seventh phase of the general elections, in Firozpur district
Lok Sabha Elections 2024: देश में सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में शनिवार सुबह 7 बजे से केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और सात राज्य की 57 सीट पर मतदान हो रहे हैं।
कहां और कितनी सीट पर है आज वोटिंग?
इस चरण में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की एक, पंजाब की सभी 13 और हिमाचल प्रदेश की चार, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की नौ, बिहार की आठ, ओडिशा की छह और झारखंड की तीन लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है।
इसके अलावा, वाराणसी संसदीय क्षेत्र में भी वोटिंग हो रही है, जहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) लगातार तीसरी बार चुनाव के मैदान में उतरे हैं।
ओडिशा की शेष 42 विधानसभा सीट के वास्ते चुनाव और हिमाचल प्रदेश की छह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी इसी के साथ हो रहे हैं। चुनाव मैदान में कुल 904 प्रत्याशी मौजूद हैं। इनमें शामिल प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती और अभिनेत्री कंगना रनौत हैं।
कितने लोग करेंगे मतदान?
इस चरण में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष, 4.82 करोड़ महिलाएं और 3,574 ‘ट्रांसजेंडर’ मतदाताओं सहित 10.06 करोड़ से अधिक नागरिक मतदान करने वाले हैं।
कब आएंगे नतीजे?
शनिवार को हो रहे मतदान के साथ ही 19 अप्रैल से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी और वोटों की गिनती 4 जून को की जाएगी। अब तक 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 486 लोकसभा सीट के लिए मतदान हो चुका है। आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभाओं के लिए भी मतदान हुआ।