21:40मनोज तिवारी 1.38 लाख वोटों से जीते, कन्हैया कुमार को दी करारी मात
भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट जीत ली है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को 1.38 लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया।
19:48AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी लगातार पांचवी बार जीते लोकसभा चुनाव
AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी ने लगातार पांचवीं बार हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र से जीत हासिल की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की माधवी लता को 3,38,087 मतों से मात दी। ओवैसी को कुल 6,61,981 वोट मिले, जबकि माधवी लता के खाते में 3,23,894 वोट आए।
19:37TMC नेता अभिषेक बनर्जी भारी मतों से जीते
TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने 7.10 लाख मतों से डायमंड हार्बर सीट जीती।
19:36वायनाड लोकसभा सीट: रायबरेली के बाद वायनाड से भी हुई राहुल गांधी की शानदार जीत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल की वायनाड सीट पर भाकपा की एनी राजा को 3,64,422 मत के अंतर से हराया।
19:28कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए भी सलाम करता हूं: PM मोदी
पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव के नतीजों के बीच पोस्ट कर जनता का आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट कर कहा, 'जनता ने लगातार तीसरी बार NDA पर भरोसा जताया है! यह भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मैं इस स्नेह के लिए जनता जनार्दन को नमन करता हूं और उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पिछले दशक में किए गए अच्छे कार्यों को जारी रखेंगे। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए भी सलाम करता हूं। शब्द कभी भी उनके असाधारण प्रयासों के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।'
19:237.44 लाख से ज्यादा मतों के जीते अमित शाह, 1996 में इसी सीट से चुनाव लड़े थे अटल बिहारी बाजपेयी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार सोनल पटेल को 7.44 लाख से अधिक मत के भारी अंतर से हराकर जीत ली। भारत निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। इस प्रतिष्ठित सीट के लिए मतगणना समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार, शाह को 10,10,972 वोट मिले, जबकि पटेल को 2,66,256 लाख वोट मिले। शाह ने इस निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। शाह ने 2019 के चुनावों में 5.57 लाख से अधिक मत के अंतर से यह सीट जीती थी। इससे पहले, लोकसभा में गांधीनगर का प्रतिनिधित्व भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने किया था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 1996 में यह सीट जीती थी लेकिन उन्होंने उस समय लखनऊ सीट पर भी जीत हासिल की थी और उन्होंने लखनऊ सीट के प्रतिनिधित्व का विकल्प चुना था।
19:17कर्नाटक के डिप्टी CM के भाई को मिली ढाई लाख से ज्यादा वोटों से मात
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के भाई और सांसद डी.के. सुरेश बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा सीट से 2,69,647 मतों से हारे।
18:15वायनाड और रायबरेली, दोनों सीट से हासिल की जीत, थोड़ा समय में तय करेंगे कहां रहना है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, 'मैं दोनों सीटों पर जीता हूं। वायनाड और रायबरेली के मतदाताओं को दिल से धन्यवाद देता हूं...थोड़ा समय लूंगा और तय करूंगा कि कौन सी सीट पर रहूंगा। अभी निर्णय नहीं लिया है।'
18:13कांग्रेस प्रेस कांफ्रेंस- संविधान बचाने का काम हिंदुस्तान के सबसे गरीब लोगों ने किया: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, 'इसे(संविधान) बचाने का काम हिंदुस्तान के सबसे गरीब लोगों ने किया है। मजदूरों, किसानों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों ने इस संविधान को बचाने का काम किया है...'
18:09कल होगी INDIA गठबंधन की बैठक, JDU और TDP के साथ सरकार बनाने पर होगा विचार: राहुल गांधी
JDU और TDP के साथ मिलकर सरकार बनाने की संभावनाओं पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "जैसा हमने पहले कहा कि हम INDIA गठबंधन के हमारे साथियों के साथ कल बैठक करेंगे। उसके बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा। हम अपने गठबंधन के दलों से बात किए बिना हम इस पर कोई बयान नहीं देना चाहते।'
18:04लोकसभा चुनाव में लड़ाई संविधान को बचाने की थी, राहुल गांधी ने कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस में दिया बयान
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'यह चुनाव INDIA गठबंधन और कांग्रेस पार्टी सिर्फ एक राजनैतिक दल के खिलाफ नहीं लड़ी, यह चुनाव हम भाजपा, हिंदुस्तान की संस्था, सीबीआई-ED, इन सबके खिलाफ लड़े, क्योंकि इन संस्थाओं को नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी ने डराया-धमकाया... लड़ाई संविधान को बचाने की थी...'
18:01प्रधानमंत्री ने जिस तरह से प्रचार किया वो इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे: हमने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों की बदहाली और संविधान संस्थाओं के दुरुपयोग जैसे विषयों को केंद्रीय मुद्दा बनाकर हम जनता के सामने गए। इन मुद्दों पर बड़ी संख्या में लोग हमसे जुड़े। हमारा समर्थन किया। प्रधानमंत्री ने जिय तरह से प्रचार किया, वो इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में मोदी जी ने जो झूठ फैलाया, जनता ने उसे समझ लिया।
17:57कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रेस कांफ्रेंस में दिया बयान, कहा- पीएंम मोदी की राजनीतिक और नैतिक हार
खरगे: ये उनकी राजनीतिक और नैतिक हार है। जो व्यक्ति अपने नाम से ही हर जगह वोट मांगते थे, उनकी ये बहुत बड़ी हार है। नैतिक दृष्टि से उनको बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। आप जानते हैं कि हमारी कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन से बहुत प्रतिकूल माहौल में चुनाव लड़ा। सरकारी मशीनरी ने कदम-कदम पर अवरोध डाला। बैंक खाते सीज किए, तमाम नेताओं के खिलाफ अभियान चलाया। फिर भी शुरू से आखिरी तक कांग्रेस पार्टी का अभियान सकारात्मक था।
17:52कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस- 18वीं लोकसभा चुनाव का जनादेश मोदी जी के खिलाफ गया है: खरगे
कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, 'हम पहले से यही कह रहे थे कि ये लड़ाई हमारी मोदी बनाम जनता है। 18वीं लोकसभा के चुनाव में हम विनम्रता से जनमत को स्वीकार करते हैं। इस बार जनता ने किसी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं दिया। खासकर सत्ताधारी दल भाजपा ने एक व्यक्ति, एक चेहरे के नाम पर वोट मांगा। ये स्पष्ट हो गया है कि ये जनादेश मोदी जी के खिलाफ गया है।
17:47कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस शुरू, खरगे ने कहा- ये चुनाव लोकसभा की जीत
प्रेस कांफ्रेस शुरू होते ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- चुनाव के रिजल्ट आए हैं। मैं कहूंगा कि ये रिजल्ट जनता का रिजल्ट है, जनता की जीत है और लोकतंत्र की जीत है।
17:45राजस्थान की करौली-धौलपुर सीट से कांग्रेस के जनलाल जाटव जीते
कांग्रेस के उम्मीदवार भजनलाल जाटव ने करौली-धौलपुर लोकसभा सीट जीत ली है। कांग्रेस उम्मीदवार जाटव ने भाजपा की इंदु देवी को 98,945 मतों से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार जाटव को 5,30,011 मत और इंदु देवी को 4,31,066 मत मिले। गौरतलब है कि 2019 के आम चुनाव में करौली-धौलपुर सीट पर भाजपा के मनोज राजोरिया ने कांग्रेस के संजय कुमार को 97,682 मतों से हराया था। इस बार भाजपा व कांग्रेस दोनों ने नए प्रत्याशी उतारे।
17:31केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर तिरुवनंतपुरम सीट पर शशि थरूर से हारे
केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से हार गए हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर ने उन्हें 16077 वोटों से मात दी। भाजपा राजीव चंद्रशेखर ने तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट पर कांग्रेस के शशि थरूर से हार स्वीकार कर ली, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि केरल में चुनाव परिणाम इसका संकेत देते हैं कि भाजपा के लिए लोगों का समर्थन बढ़ रहा है। चंद्रशेखर ने कहा कि यह ‘निराशाजनक’ है कि वह हार गए, हालांकि भाजपा ने राज्य में बहुत मजबूती से लड़ाई लड़ी। उन्होंने PTI से बात करते हुए कहा, 'हम बहुत करीब रहे और हमने रिकॉर्ड वोट हासिल किया है। यह दर्शाता है कि केरल के लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। यह निराशाजनक है कि मैं आज जीत नहीं सका, लेकिन मैंने एक ‘साफ-सुथरा’ प्रचार अभियान चलाया। हमने अपने विपक्ष की तरह विभाजनकारी राजनीति नहीं की। केरल में भाजपा की बढ़त पूरी तरह से अपेक्षित है और यह जारी रहेगी।'
17:25स्मृति ईरानी को अमेठी तो सुल्तानपुर से मेनका गांधी को मिली हार
उत्तर प्रदेश से भाजपा को आज कड़ी चुनौती का सामना पड़ रहा है। दो-दो केंद्रीय मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। एक तरफ जहां अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस के किशोरीलाल शर्मा ने जहां 1 लाख से ज्यादा वोटों से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को मात दी तो मेनका गांधी को भी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रामभुआल निषाद ने शिकस्त दी। मेनका गांधी 43 हजार से ज्यादा वोटों से हार गईं हैं।
17:22डेढ़ लाख वोटों से जीते PM मोदी, वाराणसी से लगातार तीसरी बार बने सांसद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगाताार तीसरी बार वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के अजय राय को 1,52,513 वोटों से मात दी। अगर पीएम मोदी की अगुवाई में NDA फिर से सरकार बनाती है तो आज वे भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। आज तक सिर्फ नेहरू ही तीन बार प्रधानमंत्री बने हैं।
17:01असम: NDA को 10 सीटों पर बढ़त, कांग्रेस चार सीट पर आगे
असम में सत्तारूढ़ भाजपा और उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) 10 लोकसभा सीटों पर आगे हैं, जबकि कांग्रेस चार सीट पर बढ़त बनाए हुए है। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी आठ सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
16:58राजस्थान की अजमेर लोकसभा सीट से भाजपा के भागीरथ चौधरी जीते
भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार भागीरथ चौधरी ने अजमेर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की है। निर्वाचन आयोग के अनुसार भाजपा उम्मीदवार भागीरथ चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 3,29,991 मतों से हराया। कांग्रेस के रामचंद्र चौधरी दूसरे स्थान पर रहे जिन्हें 4,17,471 मत मिले।
16:55कर्नाटक में कांग्रेस अपने प्रदर्शन में सुधार की ओर, भाजपा की जमीन खिसकी
कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस लोकसभा की अपनी सीटों की संख्या में सुधार करते हुए दिख रही है जबकि भाजपा के प्रदर्शन में गिरावट नजर आ रही है। मतों की गिनती के बीच मंगलवार को निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में तीन सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और वह 14 सीट पर आगे है जबकि कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की और आठ पर आगे है। जनता दल(सेक्युलर) ने दो सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।
16:39चंद्रबाबू नायडू या नीतीश कुमार से आज बात नहीं की है: शरद पवार
शरद पवार ने कहा, "चंद्रबाबू नायडू या नीतीश कुमार से आज बात नहीं की है।" ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनाने को लेकर पवार ने कहा, "आश्वस्त नहीं हूं कि ‘इंडिया’ गठबंधन सरकार बना पाएगा या नहीं।"
16:27केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा की संबलपुर सीट पर एक लाख से अधिक मतों से आगे
निर्वाचन आयोग के अनुसार, केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान संबलपुर लोकसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजू जनता दल के प्रणब प्रकाश दास से 1,03,425 मतों से आगे हैं। प्रधान को 4,53,716 वोट मिले हैं, जबकि दास को 3,50,291 वोट हासिल हुए हैं।
16:24ओडिशा विधानसभा चुनाव: भाजपा 80 सीट, बीजद 50 सीट पर आगे
भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, भाजपा ओडिशा में 80 विधानसभा सीट पर आगे है। अपराह्न सवा तीन बजे तक प्राप्त रुझानों के अनुसार, बीजू जनता दल (बीजद) के उम्मीदवार राज्य की 147 विधानसभा सीट में से 50 सीट पर आगे हैं। कांग्रेस 15 सीट पर और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) एक सीट पर आगे है जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार भी बढ़त बनाए हुए है।
16:20गया से जीते जीतन राम मांझी
बिहार की गया लोकसभा सीट पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा प्रत्याशी जीतन राम मांझी ने करीब 101812 वोटों से आरजेडी उम्मीदवार कुमार सर्वजीत को पीछे कर दिया है।
16:11मैं बार्गेनिंग करने की राजनीति में विश्वास नहीं रखता- चिराग पासवान
LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा, "नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार मोदी सरकार बनने जा रही है...मैं बार्गेनिंग करने की राजनीति में विश्वास नहीं रखता। इस जीत का श्रेय मेरी पार्टी के हर नेता हर कार्यकर्ता को जाता है।"
16:07हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा पांच-पांच सीट पर आगे
हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पांच-पांच सीट पर आगे चल रही हैं। वहीं, मनोहर लाल खट्टर, कुमारी शैलजा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे प्रमुख नेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बड़ी बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी-महेंद्रगढ़ और कुरुक्षेत्र सीट पर आगे चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस अंबाला, हिसार, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में आगे है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल सीट से आसान जीत की ओर अग्रसर हैं।
16:02‘इंडिया’ गठबंधन की बुधवार को दिल्ली में बैठक होने की संभावना: शरद पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि ‘इंडिया’ गठबंधन की बुधवार को दिल्ली में बैठक होने की संभावना है। लोकसभा चुनाव की जारी मतगणना और अब तक प्राप्त रुझानों को ध्यान में रखते हुए पवार ने कहा, ‘‘आश्वस्त नहीं हूं कि ‘इंडिया’ गठबंधन सरकार बना पाएगा या नहीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन की बुधवार को दिल्ली में बैठक होने की संभावना है।’’
15:55Punjab: फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत घोषित
पंजाब की फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार अमर सिंह जीत गए। इन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह GP को 34202 वोटों से हरा दिया है।
15:48कुमारस्वामी कर्नाटक की मांड्या सीट से जीते
जेडीएस नेता एच.डी. कुमारस्वामी कर्नाटक की मांड्या लोकसभा सीट से जीते।
15:45महाराष्ट्र में लोकसभा की कम से कम छह सीट पर कांटे की टक्कर
महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीट में से अधिकतर पर हालांकि अब तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार महा विकास आघाडी (MVA) ने सत्तारूढ़ महायुति पर स्पष्ट बढ़त बना ली है, लेकिन छह निर्वाचन क्षेत्रों में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-एसपी) शामिल हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा हैं। अमरावती, बीड, भंडारा-गोंदिया, हातकणंगले, मुंबई उत्तर-पश्चिम और सतारा में मतगणना के दौरान मुख्य उम्मीदवारों के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। बीड में उतार-चढ़ाव भरा मुकाबला जारी है, जहां भाजपा उम्मीदवार एवं महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राकांपा (एसपी) के बजरंग सोनवणे के बीच कड़ी टक्कर है। इसी तरह अमरावती में भाजपा की नवनीत राणा और कांग्रेस के बलवंत वानखड़े के बीच कड़ी टक्कर है।
15:43केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी तेलंगाना की सिकंदराबाद लोकसभा सीट पर आगे
भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी मंगलवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र में अपराह्न 3:15 बजे तक अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी दानम नागेंद्र से 65,013 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, किशन रेड्डी को 4,40,598 वोट मिले हैं, जबकि नागेंद्र को 3,75,585 वोट हासिल हो चुके हैं।
15:37बिहार की 40 लोकसभा सीट में से NDA 32 पर और ‘इंडिया’ गठबंधन आठ पर
बिहार की 40 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के अब तक मिले रुझान में प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 33 और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन सात संसदीय सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के मुताबिक, राजग में शामिल जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) 14, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 12, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पांच और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) एक सीट पर आगे है।
15:32जम्मू लोकसभा सीट पर भाजपा के जुगल किशोर आगे
जम्मू लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद जुगल किशोर शर्मा 1,27,426 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों में यह जानकारी दी गई है। शर्मा को अब तक 6,37,504 वोट मिले हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के रमन भल्ला को 5,10,078 मत प्राप्त हुए हैं।
15:31कांग्रेस रघुवीर रेड्डी तेलंगाना के नलगोंडा से कांग्रेस उम्मीदवार आगे
तेलंगाना के नलगोंडा से कांग्रेस उम्मीदवार के. रघुवीर रेड्डी ने मंगलवार को मतगणना के अंतिम दौर में प्रवेश करने पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा उम्मीदवार एस. रेड्डी शानमपुडी पर 5.37 लाख मतों की बढ़त बना ली।
15:26ओडिशा: केंद्रपाड़ा सीट पर भाजपा के बैजयंत पांडा ने बनाई बढ़त
ओडिशा की केंद्रपाड़ा लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा आगे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर तक आए रूझानों में बैजयंत पांडा केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र में 13,714 मतों से आगे हैं।
15:17झारखंड में NDA 10 और ‘इंडिया’ गठबंधन चार सीट पर आगे
झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नौ लोकसभा सीट पर, उसकी सहयोगी आजसू पार्टी एक सीट पर आगे है जबकि कांग्रेस और झामुमो दो-दो सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं मौजूदा सांसद अर्जुन मुंडा खूंटी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से 77,227 मतों से पीछे हैं। उन्होंने बताया कि सिंहभूम में सातवें चरण की मतगणना के बाद झामुमो की जोबा मांझी भाजपा की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी गीता कोड़ा से 83,589 मतों से आगे हैं।
15:07लोकसभा चुनाव के रुझानों के बीच कांग्रेस मुख्यालय में जश्न, ‘आप’ के कार्यालय में सन्नाटा
लोकसभा चुनाव की मतगणना के बीच दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मुख्यालय में जश्न का माहौल है जबकि चुनाव में उसकी सहयोगी रही आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय में सन्नाटा पसरा है। कई राज्यों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए एआईसीसी कार्यालय के बाहर ढोल और नगाड़ों की गूंज सुनाई दे रही है, जबकि पार्टी समर्थक और कार्यकर्ता नाच-गाकर जश्न मना रहे हैं।
15:03चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी
तेलुगू देशम पार्टी (TDP)के अध्यक्ष एन.चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की लगभग निश्चित जीत को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मंत्रिमंडल में उनके सहयोगी अमित शाह को बधाई दी।
15:00"हम केंद्र में सरकार बनाने जा रहे हैं..."- कंगना रनौत
मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने कहा, "लोगों को पीएम मोदी पर जो विश्वास है आज उसी का परिणाम है कि हम केंद्र में सरकार बनाने जा रहे हैं..."
14:59मुझे यकीन था कि ‘किशोरी भैया’ अमेठी से जीतेंगे: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने अमेठी संसदीय क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार के केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ निर्णायक बढ़त कायम करने के बाद मंगलवार को कहा कि उन्हें यकीन था कि ‘‘किशोरी भैया’’ जीतेंगे। निर्वाचन आयोग के अपराह्न तीन बजे तक के आंकड़ों के अनुसार किशोरी लाल शर्मा अमेठी से स्मृति ईरानी से एक लाख से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं।
14:54उत्तर प्रदेश में बसपा सबसे बुरी चुनावी हार का सामना कर रही
उत्तर प्रदेश में अपनी सबसे बुरी चुनावी हार का सामना कर रही मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर पीछे है। निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्तमान में बसपा को देश में लगभग 1.92 प्रतिशत वोट मिले हैं और उत्तर प्रदेश में 9.16 प्रतिशत वोट मिले हैं।
14:51तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा आठ-आठ लोकसभा सीट पर आगे
तेलंगाना की 17 लोकसभा सीट में से कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आठ-आठ सीट पर आगे हैं। मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे तक के रुझानों से यह जानकारी मिली। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक कांग्रेस के उम्मीदवार पेड्डापल्ले (सुरक्षित), महबूबाबाद (सुरक्षित), वारंगल (सुरक्षित), भोंगीर, खम्माम, नलगोंडा, नागरकुरनूल (सुरक्षित) और जहीराबाद सीट पर आगे हैं।
14:49J&K: उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती ने लोकसभा चुनाव में हार मानी
नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को अपनी-अपनी लोकसभा सीट से अपनी हार स्वीकार कर ली जबकि मतगणना अभी जारी है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार बारामूला लोकसभा सीट पर जेल में बंद पूर्व विधायक शेख अब्दुल राशिद पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला से सवा लाख से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं। अब्दुल्ला ने एक बजकर 37 मिनट पर ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ मैं समझता हूं कि यह अवश्यंभावी को स्वीकार करने का वक्त है। इंजीनियर राशि को उत्तरी कश्मीर में उनकी जीत पर बधाई।’’
14:44तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट पर थरूर ने हासिल की बढ़त
तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजीव चंद्रशेखर से 11,000 मतों के अंतर से बढ़त हासिल कर ली है। मतगणना के शुरुआती रुझान में चंद्रशेखर और थरूर के बीच कड़ी टक्कर रही। दोपहर तक भाजपा नेता ने थरूर पर लगभग 24,000 वोटों की बढ़त हासिल कर ली थी। हालांकि एक घंटे से अधिक समय बाद थरूर ने चंद्रशेखर से 11,815 मतों से बढ़त वापस ले ली।
14:38कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब में जालंधर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की
निर्वाचन आयोग के अनुसार, कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब में जालंधर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की, भाजपा के सुशील रिंकू को 1.75 लाख से अधिक मतों से हराया।
14:29लोकसभा चुनाव, उत्तर प्रदेश: फूलपुर से भाजपा प्रत्याशी आगे, प्रयागराज से कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त
उत्तर प्रदेश की फूलपुर लोकसभा सीट के लिए हुए मतदान की गणना के नौवें दौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी प्रवीण पटेल समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य से 2867 मतों से आगे हैं। मतगणना में अभी तक फूलपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल को 211000 मत मिले, जबकि सपा प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य को 208133 मत प्राप्त हुए। हालांकि, इलाहाबाद सीट पर मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी से 31340 मतों से आगे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी को अभी तक 262040 मत मिले, वहीं भाजपा प्रत्याशी को 230700 मत हासिल हुए।
14:21जयपुर लोकसभा सीट से मंजू शर्मा ने 3 लाख से ज्यादा वोटों से जीता चुनाव
जयपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मंजू शर्मा ने 3,31,767 वोटों से चुनाव जीत लिया है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप सिंह खाचरियावास (PRATAP SINGH KHACHARIYAWAS) को मात दी। इसके साथ ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 की दूसरी जीत अपने नाम दर्ज कर ली। पहली- सूरत लोकसभा थी, जिसे भाजपा उम्मीदवार ने निर्विरोध जीत लिया था।
14:19बिहार की 40 सीट में से NDA 33 और INDIA सात पर आगे
बिहार की 40 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के शुरुआती रुझान में प्रदेश में सत्तारूढ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 33 और INDIA गठबंधन सात सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग की ‘वेबसाइट’ पर मौजूद रुझानों के मुताबिक राजग में शामिल जनता दल-यूनाइटेड (JDU) 14, भारतीय जनता पार्टी (BJP) 13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पांच और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) एक सीट पर आगे है। वहीं विपक्षी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) तीन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन (भाकपा माले) दो और कांग्रेस दो सीट पर आगे है।
13:55महाराष्ट्र: भाजपा और सहयोगी दल 19 लोकसभा सीट पर, एमवीए 28 सीट पर आगे
महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीट के लिए मंगलवार को मतों की गिनती के ताजा रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत राजग के सहयोगी दल 45 सीट पाने के अपने लक्ष्य से बहुत पीछे हैं। भाजपा जहां 12 सीट पर आगे चल रही है, वहीं राज्य में सत्तारूढ़ शिवसेना छह सीट पर तथा अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एक सीट पर आगे है।
13:51ओडिशा विधानसभा चुनाव: भाजपा 74 सीट, बीजद 56 पर आगे
भाजपा ने ओडिशा में कम से कम 74 विधानसभा सीट पर शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है। भारत निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। दूसरी ओर, बीजू जनता दल (बीजद) उम्मीदवार राज्य की 147 विधानसभा सीट में से 56 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। कांग्रेस 14 सीट पर और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) एक सीट पर आगे है जबकि दो सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार भी बढ़त बनाए हुए है।
13:50केरल की त्रिशूर सीट से भाजपा के सुरेश गोपी जीत की तरफ बढ़ रहे
केरल की त्रिशूर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 58,000 से अधिक मतों से बढ़त बनाए हुए हैं और जीत की तरफ बढ़ रहे हैं। यह जानकारी निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को मतगणना के दौरान जारी आंकड़ों के अनुसार है।
13:43लोस चुनाव रुझान: भाजपा बहुमत से पीछे, राजग की बन सकती है सरकार
लोकसभा चुनाव में मंगलवार को मतगणना के शुरुआती रुझान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए निराशाजनक साबित होते दिख रहे हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान जैसे प्रमुख हिन्दी भाषी राज्यों में उसकी करारी हार होती दिख रही है। हालांकि, इसके बावजूद करीब 290 सीटों के साथ उसके सरकार बनाने की उम्मीद बरकरार है। ओडिशा, तेलंगाना और केरल में महत्वपूर्ण बढ़त के बावजूद भाजपा अपने दम पर बहुमत के आंकड़े से नीचे जाती दिख रही है।
13:40मणिपुर की दोनों लोकसभा सीट पर कांग्रेस आगे
संसदीय चुनावों के लिए मंगलवार को जारी मतगणना में, मणिपुर की दोनों लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने बढ़त बनाई हुई है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। आयोग के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार अंगोमचा बिमोल अकोइजाम आंतरिक मणिपुर में भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी थोउनाओजाम बसंतकुमार पर 64,174 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं।
13:35मुंबई उत्तर की सीट पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल आगे
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी से 1.40 लाख से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं।
13:27Gurgaon लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राज बब्बर पीछे
गुरुग्राम में भाजपा के उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह 1105 वोट से कांग्रेस के राज बब्बर से आगे चल रहे हैं।
13:25बिहार में दो केंद्रीय मंत्री आगे, आर के सिंह पिछड़े
बिहार के दो केंद्रीय मंत्री अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में आगे हैं जबकि एक केंद्रीय मंत्री आर के सिंह पिछड़ गए हैं। आरा से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री आर के सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाकपा माले के सुदामा प्रसाद से 19,651 वोटों से पीछे हैं। उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय अपने निकटतम प्रतिद्वंदी एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार आलोक मेहता से 3,446 मतों से आगे हैं। एक अन्य भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बेगुसराय सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के अवधेश कुमार रॉय से 10,712 मतों से आगे हैं। राज्य में 36 से ज्यादा केंद्रों पर मतगणना जारी रही है। इन सीटों पर 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में मतदान हुआ था।
13:18लगातार तीसरी बार पीएम बनेंगे नरेंद्र मोदी!
लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 289 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ 236 सीटों पर आगे है। इसके साथ ही यह संकेत भी मिल रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर देश की बागडोर संभाल सकते हैं और उनका सामना एक मजबूत विपक्ष से हो सकता है।
13:15राजस्थान में 14 लोकसभा सीट पर BJP आगे, आठ पर कांग्रेस को बढ़त
राजस्थान में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी समेत उनकी पार्टी के 14 उम्मीदवार शुरुआती रुझानों में आगे हैं। जबकि, कांग्रेस आठ सीट पर बढ़त बनाए हुए है। विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया’ के घटक दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) एक-एक सीट पर आगे हैं। इसी तरह बांसवाड़ा सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) का उम्मीदवार आगे है।
13:08ओडिशा विधानसभा चुनाव: भाजपा 78 सीट पर आगे
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा में कम से कम 78 विधानसभा सीट पर शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है। भारत निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। दूसरी ओर, बीजू जनता दल (बीजद) उम्मीदवार राज्य की 147 विधानसभा सीट में से 54 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं।
13:03इंदौर में NOTA एक लाख पार
इंदौर में BJP के Shankar Lalwani, BSP के संजय सोलंकी और जनहित पार्टी के अभय जैन के बीच मुख्य मुकाबला है। यहां, लोकसभा चुनाव परिणाम में नोटा को दोपहर तक एक लाख वोट मिले हैं। इस कारण से इंदौर के नतीजे देशभर में चर्चा है। बता दें कि इंदौर में कांग्रेस के प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने चुनाव से ठीक पहले अपना नामांकन वापस ले लिया था। इस वजह से कांग्रेस इंदौर में चुनाव नहीं लड़ पाई। कांग्रेस ने जनता से अपील की थी कि नोटा पर वोट दे और अपना विरोध दर्ज करवाए। हालांकि, अब तक के रुझान के मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी सात लाख वोट से आगे चल रहे हैं।
12:55Delhi: बीजेपी मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया
आयोग के रुझानों के अनुसार, दिल्ली में बीजेपी 7 की 7 सीटों पर आगे चल रही है। इसके मद्देनजर बीजेपी मुख्यालय के बाहर जश्न मनाना शुरू हो गया है।
12:53हैदराबाद लोकसभा सीट पर ओैवैसी 70,000 से अधिक मतों से आगे
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी तेलंगाना के हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र में दोपहर 12:20 बजे तक अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार माधवी लता से 70,000 से अधिक मतों से आगे हैं।
12:50हिमाचल विधानसभा उपचुनाव में कांटे की टक्कर
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस के तीन उम्मीदवार आगे हैं, जबकि कांग्रेस के छह बागी उम्मीदवारों में से दो जो अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हैं, अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार राज्य के सभी छह निर्वाचन क्षेत्रों में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। भाजपा के पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा धर्मशाला में 1,576 मतों से आगे हैं, जबकि बरसर से भाजपा उम्मीदवार इंद्र दत्त लखनपाल 2,043 मतों से आगे हैं। कुटलेहड़ से भाजपा उम्मीदवार दविंदर भुट्टो 870 मतों से पीछे हैं और गगरेट से भाजपा उम्मीदवार चैतन्य शर्मा 4,676 मतों से पीछे हैं। भाजपा नेता राजिंदर राणा सुजानपुर निर्वाचन क्षेत्र से 1,131 मतों से पीछे चल रहे हैं।
12:44कांग्रेस प्रत्याशी चन्नी जालंधर लोकसभा सीट पर एक लाख से अधिक मतों से आगे
कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब की जालंधर संसदीय सीट (आरक्षित) पर अपने प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सुशील रिंकू से एक लाख से अधिक मतों की अंतर से आगे हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने रिंकू के खिलाफ 1,09,912 मतों की बढ़त बना ली है।
12:23वाराणसी में पीएम मोदी 79 हजार वोटों से आगे
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी लोकसभा सीट पर 79566 वोटों से कांग्रेस के अजय राय से आगे चल रहे हैं।
12:18ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक कांताभांजी में पीछे, हिंजिली में आगे
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक कांताभांजी विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के लक्ष्मण बाग से 1158 मतों से पीछे हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, बीजू जनता दल के सुप्रीमो पटनायक हालांकि गंजाम जिले में हिंजिली विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिशिर कुमार मिश्रा से 1163 मतों से आगे हैं।
12:15बिहार के बेगूसराय से गिरिराज राज सिंह पिछे
बिहार की बेगूसराय सीट एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह और इंडिया गठबंधन के अवधेश राय के बीच सिर्फ 38 वोटों का अंतर है। अवधेश राय 38 वोटों से आगे चल रहे हैं।
12:07ओडिशा और आंध्र प्रदेश में NDA को बहुमत
लोकसभा चुनाव के साथ ओडिशा और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। इन दोनों राज्यों से भाजपा और एनडीए के लिए अच्छी खबर है। रुझानों में आंध्र प्रदेश में टीडीपी प्लस 157 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं वाईएसआरसीपी (YSRCP) 18 सीटों पर आगे है। इसके अलावा, ओडिशा में भाजपा 78 सीटों से आगे चल रही है। कांग्रेस 11 सीटों पर आगे है, जबकि अन्य के खाते में तीन सीटें गई हैं।
12:02केंद्रीय मंत्री एवं मौजूदा सांसद अर्जुन मुंडा झारखंड की खूंटी में पीछे
केंद्रीय कृषि और जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा झारखंड की प्रतिष्ठित खूंटी (सुरक्षित) लोकसभा सीट पर कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कालीचरण मुंडा से लगभग 21 हजार वोटों से पीछे हैं।
11:59कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल पंजाब के खडूर साहिब से लगभग 63,680 वोटों से आगे
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब की खडूर साहिब लोकसभा सीट पर कट्टरपंथी सिख उपदेशक अमृतपाल सिंह ने कांग्रेस के उम्मीदवार कुलबीर सिंह जीरा पर 63,680 मतों की बढ़त बना ली है।
11:56BJP जम्मू, उधमपुर लोकसभा सीट पर आगे
जम्मू-कश्मीर की जम्मू और उधमपुर लोकसभा सीट पर जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस से आगे है। निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार, उधमपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह 21,569 मतों से आगे हैं जबकि जम्मू से मौजूदा सांसद जुगल किशोर शर्मा 57,231 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं।
11:53उत्तर प्रदेश में भाजपा को रुझानों में भारी नुकसान
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदान के रुझानों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सहित कुछ हिंदी भाषी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आश्चर्यजनक रूप से भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। सुबह 11.05 बजे तक निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से पता चला कि भाजपा 35 सीटों पर और सपा 34 सीटों पर आगे हैं। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन राज्य की 42 सीटों पर आगे है। भाजपा ने 2019 में राज्य में 62 सीटें जीती थीं और उसने सपा को महज पांच सीटों पर समेट दिया था।
11:37दक्षिण भारत: आंध्र और कर्नाटक में NDA आगे
लोकसभा चुनावों के लिए जारी मतों की गिनती के ताजा रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) दो दक्षिणी राज्यों आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बढ़त बनाए हुए है जबकि तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की राह पर हैं। भाजपा ने इस लोकसभा चुनाव में पांच दक्षिणी राज्यों – आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और लक्षद्वीप और पुडुचेरी के दो केंद्र शासित प्रदेशों में खासी ताकत लगाई थी। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों में से भाजपा 18 सीटों पर आगे है जबकि उसकी सहयोगी जनता दल (एस) तीन सीटों पर आगे है।
11:35उत्तराखंड में केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट सहित सभी BJP प्रत्याशी आगे
उत्तराखंड की सभी पांच लोकसभा सीट पर जारी मतगणना के रुझानों में केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट सहित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी प्रत्याशी अपने प्रतिद्वंदियों पर बढ़त बनाए हुए हैं। केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रकाश जोशी से 1,70,495 मतों से आगे हैं।
11:29रवि किशन गोरखपुर में आगे
उत्तर प्रदेश की गोरखपुर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार रवि किशन शुक्ल 21352 सीटों से आगे चल रहे हैं।
11:25अमित शाह गांधीनगर में आगे
गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस की सोनल पटेल से 2.31 लाख से अधिक मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक शाह को अब तक 2.99 लाख वोट मिले हैं जबकि सोनल पटेल को 68,000 वोट मिले हैं।
11:24उत्तर प्रदेश में रुझान फिर पलटे
उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के रुझान में उलटफेर देखने को मिल रहा है। अब तक के रुझानों के अनुसार ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग की ‘वेबसाइट’ के आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश की सभी 80 पर मिले रुझानों में ‘इंडिया’ 42 और राजग 37 सीट पर आगे है। ‘इंडिया’ के घटक समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी 34 सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। इसके अलावा ‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस आठ सीट पर आगे है।
11:16चुनाव नतीजों से बाजार में मातम
लोकसभा चुनाव नतीजों के बीच भारतीय शेयर बाजार में तगड़ी गिरावट देखने को मिली। बाजार के प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते दिख रहे हैं। सुबह 11 बजें, बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 3500 से ज्यादा अंक गिरकर 72,955 के स्तर पर आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ़्टी 50 भी 1,136 अंक फिसलकर 22,127 पर कारोबार करता दिखा।
11:13त्रिपुरा की दोनों लोकसभा सीट पर BJP जीत की ओर
त्रिपुरा के दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा ने बढ़त हासिल कर ली है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, त्रिपुरा पश्चिम संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के बिप्लब कुमार देब कांग्रेस के आशीष कुमार साहा से 2,06,388 मतों से आगे हैं। त्रिपुरा पूर्व लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र पर भाजपा उम्मीदवार कृति देवी देबबर्मन माकपा के राजेंद्र रियांग से 1,96,900 मतों से आगे हैं।
11:10लद्दाख में निर्दलीय उम्मीदवार आगे
निर्वाचन आयोग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, लद्दाख लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद हनीफ लद्दाख लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों से आगे चल रहे हैं। आधिकारिक रुझानों के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे तक हनीफ को मिले 8,906 वोटों के मुकाबले कांग्रेस उम्मीदवार सेरिंग नामग्याल को 3,200 वोट और भाजपा के ताशी ग्यालसन को 2,724 वोट मिले।
11:06क्या PM मोदी कर पाएंगे नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी?
आज यानी 4 जून को 8,337 उम्मीदवारों के लिए EVM में सुरक्षित रखे फैसले घोषित होंगे। मगर इन सबके बीच इन दिनों एक बात जो सबके जुबान पर है, वह है- क्या भाजपा भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर पाएगी या राजीव गांधी सरकार का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब हो जाएगी। अब तक सिर्फ कांग्रेस नेता जवाहरलाल नेहरू ही लगातार तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं। अगर आज भाजपा की जीत होती है तो पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और पीएम मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे। अगर भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाब नहीं रहती तो मोदी सरकार यह रिकॉर्ड हासिल करने से चूक जाएगी।
11:05अंतिम परिणाम हमारे पक्ष में होंगे: उमर अब्दुल्ला
नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि उन्हें बारामूला लोकसभा सीट से जीतने की उम्मीद है। हालांकि, वह शुरुआती दौर की मतगणना में निर्दलीय उम्मीदवार शेख अब्दुल राशिद से 25,000 वोटों के अंतर से पीछे चल रहे हैं। अब्दुल्ला ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘उतार-चढ़ाव होंगे लेकिन अंतिम परिणाम हमारे पक्ष में होंगे।’’ ‘एग्जिट पोल’ (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के बारे में पूछे जाने पर नेकां के नेता ने कहा, ‘‘एग्जिट पोल पहले भी गलत साबित हुए हैं लेकिन कई बार सही भी रहे हैं। हम उम्मीद भी है, हमें आशंका भी है कि सभी एग्जिट पोल गलत साबित नहीं हो सकते। दोपहर एक या दो बजे तक सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।’’
10:53बिहार की 40 लोकसभा सीट में से राजग 27, महागठबंधन सात पर आगे
बिहार की 40 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के शुरुआती रुझान में राज्य में सत्तारूढ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 27 सीट और विपक्षी महागठबंधन सात सीट आगे है।
10:49इंदौर में ‘नोटा’ ने गोपालगंज का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा
लोकसभा चुनाव की जारी मतगणना के दौरान मध्यप्रदेश के इंदौर में ‘नोटा’(उपरोक्त में से कोई नहीं) ने बिहार के गोपालगंज का पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए अब तक 51,864 वोट हासिल कर लिए हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में ‘नोटा’ को बिहार की गोपालगंज सीट पर सर्वाधिक वोट मिले थे।
10:37सिकंदराबाद से तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी शुरुआती रुझान में आगे
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के प्रमुख जी किशन रेड्डी सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र में मतगणना के शुरुआती रुझान में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी दानम नागेंद्र से 11,677 मतों से आगे हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार किशन रेड्डी को शुरुआती रुझानों में 32,193 वोट मिले हैं, जबकि नागेंद्र को 20,516 वोट मिले।
10:32दोपहर तक पता चल जाएगा किसकी बनेगी सरकार
सभी की जुबान पर एक ही सवाल है। क्या मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता में आकर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकार्ड की बराबरी करेंगे या एग्जिट पोल को धराशायी करते हुए साल 2004 की तरह ही कुछ ऐसे चौंकाने वाले नतीजे सामने आएंगे, जिसकी उम्मीद विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन कर रहा है। ज्यादातर ‘एक्जिट पोल’ इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का पलड़ा भारी है। इसके अलावा कुछ विशेषज्ञों का यह भी मानना रहा है कि सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए दांव पर यही है कि उसकी जीत कैसी होती है और किन-किन नए क्षेत्रों में वह अपने पैर पसार पाता है, जबकि राष्ट्रीय क्षितिज पर लगातार कमजोर होते जा रहे विपक्ष के लिए इस चुनाव में सब कुछ दांव पर लगा है। मंगलवार को सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू हुई। इसी के साथ धीरे-धीरे रुझान सामने आने लगे और फिर दोपहर होते-होते लगभग यह स्पष्ट हो जाएगा कि अगले पांच साल के लिए सत्ता कौन संभालेगा।
10:22उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद और फूलपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी आगे
लोकसभा चुनाव के बाद मंगलवार को यहां मुंडेरा मंडी में आज सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना के प्रारंभिक रुझानों में इलाहाबाद सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के उज्ज्वल रमण सिंह से महज 762 मतों से आगे हैं। निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक नीरज त्रिपाठी 10,479 मतों के साथ उज्ज्वल रमण सिंह से 762 मतों से आगे हैं। वहीं उज्ज्वल रमण सिंह 9,717 मत प्राप्त कर पीछे हैं।
10:21राजस्थान में केंद्रीय मंत्री मेघवाल, भूपेंद्र यादव व गजेंद्र सिंह शेखावत आगे
राजस्थान में लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती के 9.45 बजे तक के रुझान में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत व भूपेंद्र यादव मामूली अंतर से आगे चल रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी पीछे चल रहे हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में 14 सीटों पर भाजपा, आठ सीटों पर कांग्रेस, एक सीट पर माकपा, एक सीट पर आरएलपी और एक सीट पर भारत आदिवासी पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
10:17जानें 10 बजे तक कौन आगे और कौन पीछे
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 392 संसदीय सीटों में से 227 सीटों पर बढ़त के साथ आगे है जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) कम से कम 137 सीटों पर आगे है। सुबह 9:45 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा अकेले 187 सीटों पर आगे चल रही थी जबकि सूरत में वह निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है। कांग्रेस अपने दम पर 70 सीटों पर आगे है।
10:15जम्मू-कश्मीर में उमर, महबूबा अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पीछे
पूर्ववर्ती जम्मू एवं कश्मीर राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पीछे हैं। अब्दुल्ला बारामूला लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं जबकि महबूबा अनंतनाग-राजौरी क्षेत्र से उम्मीदवार हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष अब्दुल्ला अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और स्वतंत्र उम्मीदवार शेख अब्दुल राशिद से मतगणना के पहले घंटे में 2,600 से अधिक मतों से पीछे हैं।
10:12बीजेपी की कंगना रनौत मंडी लोकसभा सीट पर आगे
शुरुआती रुझानों में, हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) की मंडी सीट से बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) आगे चल रही हैं। इलेक्शन कमीशन के अनुसार, बीजेपी उम्मीदवार मनोज तिवारी को अब तक 44907 वोट मिले हैं जबकि कन्हैया को 26785 वोट मिले हैं।
10:10शुरुआती रुझानों में बंगाल में TMC और BJP के बीच टक्कर
पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव की मतणगना में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच मंगलवार को कांटे की टक्कर हो रही है। डाक मतपत्रों की गिनती के शुरुआती चरण के बाद तृणमूल 19 सीट सीट पर जबकि भाजपा 17 सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि तृणमूल उम्मीदवार और मौजूदा सांसद अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर सीट पर अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अभिजीत दास से आगे हैं। हुगली से तृणमूल प्रत्याशी रचना बनर्जी डाक मतपत्रों की गिनती के बाद अपनी करीबी प्रतिद्वंद्वी और मौजूदा सांसद लॉकेट चटर्जी से आगे हैं। तृणमूल उम्मीदवार और तीन बार की सांसद शताब्दी रॉय बीरभूम सीट से अपनी करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की पिया साहा से आगे हैं।
10:09स्मृति ईरानी अमेठी में पीछे
शुरुआती रुझान में बीजेपी की उम्मीदवार स्मृति ईरानी कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से पीछे चल रही हैं।
10:04मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट पर BJP आगे
मध्य प्रदेश में मंगलवार को 29 सीट के लिए जारी मतगणना के ताजा रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी 29 सीट पर आगे है। BJP उम्मीदवार इंदौर से शंकर लालवानी, खरगोन से गजेंद्र सिंह पटेल, गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया, देवास से महेंद्र सोलंकी, मंडला से फग्गन सिंह कुलस्ते, रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान, विदिशा से शिवराज सिंह चौहान, खजुराहो से वीडी शर्मा, टीकमगढ़ से वीरेंद्र कुमार, धार से सावित्री ठाकुर, दमोह से राहुल लोधी आगे हैं इसी तरह बालाघाट से भारती पारधी, शहडोल से हिमाद्री सिंह, राजगढ़ से रोडमल नागर, मंदसौर से सुधीर गुप्ता,खंडवा से ज्ञानेश्वर पाटील, भोपाल से आलोक शर्मा, भिंड से संध्या राय, उज्जैन से अनिल फिरोजिया, सागर से लता वानखेड़े, होशंगाबाद से दर्शन सिंह चौधरी, मुरैना से शिवमंगल सिंह तोमर बढ़ते बनाए हुए है।
10:03असम में 14 लोकसभा सीट में से भाजपा 6 और कांग्रेस 4 पर आगे
असम में भाजपा छह लोकसभा और विपक्षी कांग्रेस चार लोकसभा सीट पर आगे हैं। टीवी चैनलों की खबरों के अनुसार डिब्रूगढ़ में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, काजीरंगा में राज्यसभा सदस्य कामाख्या प्रसाद तासा, तेजपुर में विधायक रंजीत दत्ता, लखीमपुर में मौजूदा सांसद प्रदान बरुआ, गुवाहाटी में बिजुली कलिता मेधी और दीफू में अमर सिंह तिसो समेत भाजपा उम्मीदवार शुरुआती रुझान में आगे हैं। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार लुरिनज्योति गोगोई से 2,500 से अधिक मतों से आगे हैं। कांग्रेस उम्मीदवारों में जोरहाट से गौरव गोगोई, नागांव के मौजूदा पार्टी सांसद प्रोद्युत बोरदोलोई, धुबरी में विधायक रकीबुल हुसैन और करीमगंज में हाफिज रशीद अहमद चौधरी आगे हैं।
09:57शुरुआती रुझानों में, भाजपा 200 सीटों पर आगे, कांग्रेस 80 सीट पर आगे
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 200 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 80 सीट पर आगे चल रही है।
09:54हरियाणा में बड़ा उलटफेर, कांग्रेस 5 जबकि BJP 4 सीटों पर आगे
लोक सभा चुनावों में हरियाणा से बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। इलेक्शन कमीशन के अनुसार, राज्य की 10 सीटों में से 5 पर कांग्रेस आगे चल रही हैं जबकि 4 सीटों ओर बीजेपी और AAP एक सीट पर आगे चल रही है।
09:52आज ढाई महीने की तैयारियों का अंत होगा: सीईसी राजीव कुमार
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को कहा कि मतगणना की मौजूदा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश पारित किए गए हैं। हाल ही में संपन्न लोकसभा और आंध्र प्रदेश तथा ओडिशा के विधानसभा चुनावों लिए मतगणना जारी है। कुमार ने पीटीआई वीडियो को यहां बताया, ‘‘आज मतगणना का दिन है। आज ढाई महीने की तैयारियों का अंत होगा।’’ उन्होंने कहा कि सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, जिलाधिकारियों, पर्यवेक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को नियमों के अनुसार मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
09:48Maharashtra Lok Sabha Election Results: नितिन गडकरी, पीयूष गोयल और सुप्रिया सुले आगे; 6 सीट पर शिवसेना को बढ़त
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को मतों की गिनती के प्रारंभिक रुझानों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पीयूष गोयल तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद पवार) की निवर्तमान सांसद सुप्रिया सुले अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में आगे हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र श्रीकांत शिंदे (शिवसेना) भी कल्याण लोकसभा सीट पर बढ़त बनाते दिख रहे हैं। शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना इस समय छह सीट पर आगे है।
09:47शुरुआती रुझानों में कन्नौज से अखिलेश यादव आगे
कन्नौज लोकसभा सीट पर शुरुआती रुझान में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुब्रत पाठक से तीन हजार से अधिक मतों से आगे।
09:43दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर BJP आगे
दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे चल रही है। यह जानकारी टीवी चैनलों के अनुसार है। भाजपा डाक मतपत्रों की गिनती के दौरान बढ़त बनाए हुए है।
09:36पीएम मोदी बनारस सीट से पीछे
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी लोकसभा सीट पर शुरुआती रुझान में कांग्रेस के अजय राय से छह हजार से अधिक मतों से पीछे।
09:29बिहार में राजग पांच लोकसभा सीट पर आगे
बिहार की 40 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के अबतक के रूझान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पांच सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग की ‘वेबसाइट’ पर उपलब्ध रुझानों के मुताबिक जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के उम्मीदवार दिनेश चंद्र यादव मधेपुरा से और गिरिधारी यादव बांका निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं।
09:26NDA और इंडी गठबंधन के बीच टक्कर का मुकाबला
शुरुआती रुझानों में पीछे होने के बाद इंडी गठबंधन NDA को टक्कर देता दिख रहा है। लोकसभा चुनाव की 543 में से 516 सीटों में NDA 273 और इंडी गठबंधन 203 सीटों पर आगे है। वहीं, अन्य 40 सीटों पर आगे हैं।
09:21भाजपा, कांग्रेस असम में तीन-तीन सीट पर आगे
असम में मंगलवार को 14 निर्वाचन क्षेत्रों में डाक मतपत्रों की मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस तीन-तीन लोकसभा सीट पर आगे हैं। टीवी चैनलों के अनुसार भाजपा से डिब्रूगढ़ में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, काजीरंगा में राज्यसभा सदस्य कामाख्या प्रसाद तासा और तेजपुर में विधायक रंजीत दत्ता शुरुआती दौर में आगे हैं। लोकसभा के उपनेता विपक्ष गौरव गोगोई जोरहाट में, नगांव के मौजूदा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई और धुबरी में विधायक रकीबुल हुसैन डाक मतपत्र में बढ़त बनाये हुए हैं।
09:18हमीरपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आगे
हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार अनुराग सिंह ठाकुर 6492 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
09:178718 वोटों से Rahul Gandhi आगे
केरल की वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी 8718 वोटों से आगे चल रहे हैं।
09:14शुरुआती रुझान में भाजपा आगे
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 126 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 45 सीट पर और AAP 7 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी ने भी 26 सीटों पर बढ़त बनाई है।
09:09Gujarat Lok Sabha Election Results: प्रारंभिक रुझान में 10 सीट पर भाजपा, तीन पर कांग्रेस को बढ़त
गुजरात में 25 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के प्रारंभिक रुझान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 10 लोकसभा सीट पर और कांग्रेस ने तीन पर बढ़त बना रही है। अधिकारियों के अनुसार गांधीनगर लोकसभा सीट के लिए मतगणना के पहले दौर में केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह 300 से अधिक मतों से आगे हैं।
09:08अरुणाचल पश्चिम सीट पर BJP के किरेन रीजीजू और पूर्व सीट पर तापिर गाओ आगे
अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के मतों की गणना के शुरूआती रूझान के अनुसार, केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू (भाजपा) अरुणाचल पश्चिम सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के नबाम तुकी से 685 मतों से आगे चल रहे हैं।
09:06देखें 9 बजे तक के रुझान
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 75 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 25 सीट पर और AAP 6 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी ने भी 8 सीटों पर बढ़त बनाई है।
09:04राहुल गांधी रायबरेली और वायनाड से आगे
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली और वायनाड की सीटों से आगे चल रहे हैं।
09:02केरल के शुरुआती रुझान में UDF और LDF के बीच कड़ी टक्कर
केरल में मंगलवार को अधिकांश लोकसभा सीटों पर डाक मतपत्रों की गिनती से सामने आए शुरुआती रुझान में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) और माकपा के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के बीच कड़ी टक्कर के संकेत मिल रहे हैं।
09:01शुरुआती रुझान में राजस्थान में BJP 17, ‘INDIA’ दो सीट पर आगे
राजस्थान में लोकसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 और ‘इंडिया’ दो सीट पर आगे हैं। समाचार चैनल की खबरों में यह जानकारी दी गई। राज्य की 25 लोकसभा सीट के लिए मतगणना 29 केंद्रों पर सुबह आठ बजे शुरू हुई।
09:00बाहरी मणिपुर सीट पर NPF आगे
नगा पीपुल्स फ्रंट ( NPF) के उम्मीदवार काचुई टिमोथी जिमिक बाहरी मणिपुर सीट पर आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। जिमिक कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अल्फ्रेड कन्नगाम एस आर्थर से 2,283 मतों से आगे हैं।
08:50वाराणसी में पीएम मोदी आगे
वाराणसी लोकसभा सीट पर डाक मतपत्रों की गिनती में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बनाई बढ़त।
08:47शुरुआती रुझानों में NDA आगे
लोकसभा की 543 में से 243 सीटों के शुरुआती रुझानों के मुताबिक NDA 159 सीटों पर, इंडी गठबंधन 78 सीटों और अन्य आठ सीटों पर आगे है।