facebookmetapixel
सुप्रीम कोर्ट ने कहा: बिहार में मतदाता सूची SIR में आधार को 12वें दस्तावेज के रूप में करें शामिलउत्तर प्रदेश में पहली बार ट्रांसमिशन चार्ज प्रति मेगावॉट/माह तय, ओपन एक्सेस उपभोक्ता को 26 पैसे/यूनिट देंगेबिज़नेस स्टैंडर्ड के साथ इंटरव्यू में बोले CM विष्णु देव साय: नई औद्योगिक नीति बदल रही छत्तीसगढ़ की तस्वीर22 सितंबर से नई GST दर लागू होने के बाद कम प्रीमियम में जीवन और स्वास्थ्य बीमा खरीदना होगा आसानNepal Protests: सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ नेपाल में भारी बवाल, 14 की मौत; गृह मंत्री ने छोड़ा पदBond Yield: बैंकों ने RBI से सरकारी बॉन्ड नीलामी मार्च तक बढ़ाने की मांग कीGST दरों में कटौती लागू करने पर मंथन, इंटर-मिनिस्ट्रियल मीटिंग में ITC और इनवर्टेड ड्यूटी पर चर्चाGST दरों में बदलाव से ऐमजॉन को ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल में बंपर बिक्री की उम्मीदNDA सांसदों से PM मोदी का आह्वान: सांसद स्वदेशी मेले आयोजित करें, ‘मेड इन इंडिया’ को जन आंदोलन बनाएंBRICS शिखर सम्मेलन में बोले जयशंकर: व्यापार बाधाएं हटें, आर्थिक प्रणाली हो निष्पक्ष; पारदर्शी नीति जरूरी

Assembly Election Results 2024: महाराष्ट्र में भाजपा नीत महायुति और झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन जीत की ओर अग्रसर

भाजपा-शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का महायुति गठबंधन महाराष्ट्र की 288 सीट में से 218 पर आगे है।

Last Updated- November 23, 2024 | 1:47 PM IST
Assembly Election Results 2024

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गठबंधन, महा विकास आघाडी (एमवीए) के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करता नजर आ रहा है जबकि झारखंड में ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलाइंस) जीत की ओर अग्रसर प्रतीत हो रहा है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों से यह जानकारी मिली है। इस महीने की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों के लिए मतों की गिनती के बाद केंद्र के सत्तारूढ़ और विपक्षी गठबंधनों को इस महत्वपूर्ण चुनावी लड़ाई में एक-एक राज्य में जीत मिल सकती है तथा दोनों ही राज्यों के मतदाता बदलाव के बजाय निरंतरता के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

भाजपा-शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का महायुति गठबंधन महाराष्ट्र की 288 सीट में से 218 पर आगे है। यह सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में एक बड़ी लहर का संकेत है, जबकि कांग्रेस, राकांपा-शरदचंद्र पवार और शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे का महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन मात्र 50 सीट पर आगे है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के अनुसार, झारखंड की 81 विधानसभा सीट में से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत ‘इंडिया’ गठबंधन 50 सीट पर आगे है, जबकि भाजपा नीत राजग 30 सीट पर आगे है। रुझानों के अनुसार, दोपहर तक ‘इंडिया’ गठबंधन 50 सीट – झामुमो 30, कांग्रेस 14 और सहयोगी दल छह सीट पर आगे हैं।

मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन की वापसी तय प्रतीत होने के बीच कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने ‘पीटीआई वीडियोज’ से कहा, ‘‘हम झारखंड में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे।’’ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महाराष्ट्र में भाजपा की विजयी वापसी के बीच संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजग महाराष्ट्र, झारखंड और बिहार उपचुनाव जीतेगा। हम जीतेंगे, क्योंकि ‘इंडिया’ गठबंधन देश में सांप्रदायिकता फैलाना चाहता है।’’

ये परिणाम भाजपा के लिए उत्साहवर्धक हैं, जिसने पिछले महीने हरियाणा में अभूतपूर्व तीसरी बार जीत हासिल की थी। आम चुनाव के दौरान राज्य में खराब प्रदर्शन के बाद इन परिणामों से पार्टी का उत्साह बढ़ेगा। लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीट पर जीत मिली थी।

राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र लोकसभा में 48 सांसद भेजता है और उसने संसदीय चुनाव में एमवीए को निर्णायक 30 सीट पर विजयी बनाया था लेकिन उसने इस बार रुख बदलने का फैसला किया। भाजपा 125 सीट पर आगे है। शिवसेना 56 और राकांपा 35 सीट पर आगे है जबकि कांग्रेस सिर्फ 21, शिवसेना (उबाठा) 17 और राकांपा (एसपी) 13 सीट पर आगे है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं अजित पवार अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आगे हैं। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले साकोली निर्वाचन क्षेत्र से मामूली अंतर से आगे हैं तथा शिवसेना (यूबीटी) नेता और मौजूदा विधायक आदित्य ठाकरे वर्ली विधानसभा सीट से बढ़त बनाए हुए हैं।

कांग्रेस के विधायक दल के नेता और पूर्व मंत्री बालासाहेब थोराट संगमनेर में पीछे हैं जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण कराड दक्षिण विधानसभा सीट पर पीछे हैं। महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी ने 149 विधानसभा सीट पर, शिवसेना ने 81 सीट पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे। विपक्ष के एमवीए गठबंधन में, कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार खड़े किए।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) एवं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) जैसे दलों ने भी चुनाव लड़ा, जिसमें बसपा ने 237 उम्मीदवार और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार खड़े किए। वर्तमान राज्य विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

झारखंड में दूसरे दौर की मतगणना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के गमलियाल हेम्ब्रोम से 8,202 मतों के अंतर से आगे हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री की पत्नी और झामुमो विधायक कल्पना सोरेन चौथे दौर के बाद भाजपा की मुनिया देवी से 3,019 मतों से पीछे हैं।

दूसरे दौर की मतगणना के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी भाकपा (माले) के राजकुमार यादव से 8,720 वोट से आगे हैं। सरायकेला में, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार चंपई सोरेन तीसरे दौर के बाद झामुमो के गणेश महली से 8,542 मतों से आगे हैं।

First Published - November 23, 2024 | 1:47 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट