अर्थव्यवस्था

जानिए क्या होता है ‘स्नोबॉल इफेक्ट’ और कैसे आने वाले वर्षों में बहुत तेजी से बढ़ेगी भारतीय अर्थव्यवस्था

Published by
भाषा   
Last Updated- May 26, 2023 | 12:13 PM IST

विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भारत इस साल सबसे तेज वृद्धि दर्ज कर सकता है और देश इस समय अर्थशास्त्र में प्रसिद्ध ‘स्नोबॉल इफेक्ट’ का सामना कर रहा है। विश्व आर्थिक मंच (WEF) के अध्यक्ष बोर्गे ब्रेंड ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में बहुत अधिक निवेश और बहुत अधिक नौकरियां पैदा होंगी।

स्नोबॉल इफेक्ट का अर्थ है कि किसी एक घटना के कारण कई बड़ी घटनाओं का होना। इसके कारण भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बड़ी होती जाएगी। ब्रेंडे ने कहा, ‘भारत में हुए सुधारों से लाल फीताशाही कम हुई है, निवेश के लिए बेहतर माहौल मिला है और डिजिटल क्रांति भी तेजी से जारी है।’

उन्होंने आगे कहा कि वह भारत की आर्थिक वृद्धि के बारे में ‘अत्य़धिक आशावादी हैं’, लेकिन वैश्विक वृद्धि को लेकर उनकी ऐसी राय नहीं है। भारत इस समय G20 का अध्यक्ष है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में एक है। WEF पिछले कई वर्षों से देश के साथ घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘जब स्नोबॉल लुढ़कता है तो यह बड़ा और बड़ा होता जाता है। भारतीय अर्थव्यवस्था के साथ यही हो रहा है।’ ब्रेंडे ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘वृद्धि से अधिक निवेश, अधिक नौकरियां पैदा होंगी… आने वाले वर्षों में यह एक बहुत तेज वृद्धि होगी और आप एक ऐसी स्थिति देखेंगे जहां अत्यधिक गरीबी खत्म हो जाएगी। युवाओं के लिए अधिक अवसर होंगे।’ उन्होंने अपनी भारत यात्रा के दौरान अन्य लोगों के अलावा विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों और प्रमुख कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात की।

First Published : May 26, 2023 | 12:13 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)