अर्थव्यवस्था

भारत-फ्रांस व्यापार: 2022-23 में फ्रांस को निर्यात 14% बढ़ा

प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस यात्रा और वहां बास्टिल डे परेड में उनके मौजूद रहने से दोनों देशों से द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

Published by
समरीन वानी   
Last Updated- July 12, 2023 | 11:20 PM IST

भारत और फ्रांस में रक्षा एवं तकनीक के क्षेत्रों में मजबूत होते सहयोग के बीच दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते भी मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार पिछले कुछ दशकों के सबसे मजबूत स्तर पर आ गया है। दोनों देशों के बीच आयात और निर्यात के आंकड़े कम से कम 1990-91 के बाद से किसी भी अवधि की तुलना में ऊंचे स्तर पर हैं। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इकॉनमी (सीएमआई) के पास दोनों देशों से जुड़े 1990-91 तक के आंकड़े उपलब्ध हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस यात्रा और वहां बास्टिल डे परेड में उनके मौजूद रहने से दोनों देशों से द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी। हाल के वर्षों में फ्रांस के साथ व्यापार बढ़ने में आयात से अधिक निर्यात की भूमिका रही है। वर्ष 2022-23 में भारत से फ्रांस को कुल 7.6 अरब डॉलर मूल्य की वस्तुओं का निर्यात हुआ था।

इससे पिछले वर्ष की तुलना में यह आंकड़ा 14 प्रतिशत अधिक है। फ्रांस से आयात 5.8 अरब डॉलर पर स्थिर रहा है। निर्यात के आंकड़े पिछले 22 वर्षों में सर्वाधिक ऊंचे स्तर पर हैं।

निर्यात के विभिन्न घटकों का विश्लेषण करें तो पेट्रोलियम उत्पाद शीर्ष स्थान पर हैं। 2022-23 में निर्यात में उनकी हिस्सेदारी 1.3 अरब डॉलर रही। इसके बाद बिजली मशीन एवं उपकरणों और दवाओं एवं बायोलॉजिकल्स के निर्यात के आंकड़े (43.6 करोड़ डॉलर) सबसे अधिक रहे। हालांकि, फ्रांस से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) कम रहा है।

First Published : July 12, 2023 | 11:20 PM IST