नवंबर महीने में भारत के 20 निर्यात केंद्रों में से 9 देशों में निर्यात घटा है। वाणिज्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों से पता चलता है कि इसके कारण नवंबर में निर्यात में 4.9 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं इसके विपरीत इस माह के दौरान भारत में 70 अरब डॉलर का रिकॉर्ड वस्तु आयात हुआ है।
इस आयात में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), दक्षिण अफ्रीका और स्विट्जरलैंड से आयात में हुई 3 अंकों की वृद्धि ने अहम भूमिका निभाई है। भारत इन तीन देशों से अपना ज्यादातर सोना आयात करता है। भारत ने नवंबर में 14.9 अरब डॉलर के सोने का आयात किया है।
नवंबर में वस्तु निर्यात में गिरावट की वजह अमेरिका, नीदरलैंड, चीन और बांग्लादेश को होने वाले निर्यात में आई कमी है। पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में गिरावट के कारण नीदरलैंड को होने वाला निर्यात गिरा है, वहीं चीन और बांग्लादेश में क्रमशः आर्थिक और राजनीतिक उठापटक के असर से इन पड़ोसी देशों में निर्यात कम हुआ है।
क्रिसिल ने एक रिसर्च नोट में कहा है, ‘चीन के खिलाफ अमेरिका द्वारा शुल्क बढ़ाए जाने की आशंका के कारण भारत में चीन से आयात बढ़ सकता है।’