Forex Reserves: देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार दूसरे सप्ताह बढ़कर नए ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। 7 जून 2024 को समाप्त सप्ताह में यह 4.30 अरब डॉलर बढ़कर 655.81 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 30 मई को समाप्त सप्ताह में यह 4.83 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 651.51 अरब डॉलर पर था।
रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक, 7 जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां (foreign currency assets) 3.773 अरब डॉलर बढ़कर 576.33 अरब डॉलर हो गई। इससे ठीक पहले यानी 30 मई को समाप्त सप्ताह में यह 5.06 अरब डॉलर बढ़कर 572.56 अरब डॉलर पर था।
डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को शामिल किया जाता है।
RBI के अनुसार गोल्ड रिजर्व (Gold Reserves) 0.48 करोड़ डॉलर बढ़कर 56.9 अरब डॉलर हो गया। इससे ठीक पहले सप्ताह यानी 30 मई को गोल्ड रिजर्व 56.5 अरब डॉलर के स्तर पर था।
Also read: Indus Towers में अपनी 2.3 बिलियन डॉलर की हिस्सेदारी बेचना चाहता है Vodafone Group
विशेष आहरण अधिकार (Special Drawing Rights- SDRs) 4.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.16 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे ठीक पहले सप्ताह यानी 30 मई को एसडीआर 18.11 अरब डॉलर पर था।
बीते सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (IMF) के पास भारत का रखा धन 1 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.33 अरब डॉलर पर पहुंच गया।