Forex Reserves: लगातार सात हफ्ते की बढ़त के बाद देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की गई है। 12 अप्रैल 2024 को समाप्त सप्ताह में यह 5.4 अरब डॉलर घटकर 643.16 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 5 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में यह 2.98 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 648.56 अरब डॉलर के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया था।
रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक, 12 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां (foreign currency assets) 6.51 अरब डॉलर घटकर 564.65 अरब डॉलर रह गई। इससे ठीक पहले यानी 5 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में यह 54.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 571.17 अरब डॉलर पर पहुंच गई थी।
डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को शामिल किया जाता है।
RBI के अनुसार गोल्ड रिजर्व (Gold Reserves) 1.2 अरब डॉलर बढ़कर 55.7 अरब डॉलर हो गया। इससे ठीक पहले सप्ताह यानी 5 अप्रैल को गोल्ड रिजर्व 54.5 अरब डॉलर के स्तर पर था।
Also read: Wipro Q4FY24 Results: विप्रो ने उम्मीद से ज्यादा दर्ज किया रेवेन्यू, नेट मुनाफा 7.8 फीसदी गिरा
विशेष आहरण अधिकार (Special Drawing Rights- SDRs) 9.3 करोड़ डॉलर घटकर 18 अरब डॉलर रह गया। इससे ठीक पहले सप्ताह यानी 5 अप्रैल को एसडीआर 2.4 करोड़ डॉलर की वृद्धि लेकर 18.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।
बीते सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (IMF) के पास भारत का रखा धन 3.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.63 अरब डॉलर रह गया।