अर्थव्यवस्था

Trade Data: दिसंबर महीने में निर्यात 1.87% बढ़ा, आयात बढ़ने से व्यापार घाटा 25 अरब डॉलर तक बढ़ा

व्यापार आंकड़ों पर वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत का निर्यात पॉजिटिव रुझान दिखा रहा है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- January 15, 2026 | 5:21 PM IST

December Trade Data: वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच देश का निर्यात दिसंबर 2025 में 1.87 फीसदी बढ़कर 38.5 अरब डॉलर हो गया लेकिन आयात में तेज वृद्धि के कारण व्यापार घाटा मामूली रूप से बढ़कर 25 अरब डॉलर हो गया। गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

आयात 8.7% बढ़ा

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर महीने में देश का आयात 8.7 फीसदी बढ़कर 63.55 अरब डॉलर रहा। इसके साथ ही आयात और निर्यात का अंतर यानी व्यापार घाटा मामूली रूप से बढ़कर 25.04 अरब डॉलर हो गया। यह नवंबर 2025 में 24.53 अरब डॉलर जबकि दिसंबर 2024 में 22 अरब डॉलर था।

Also Read: बजट 2026 से रियल एस्टेट को बड़ी उम्मीदें: अफोर्डेबल और रेंटल हाउसिंग पर फोकस जरूरी

इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-दिसंबर अवधि में देश का कुल वस्तु निर्यात 2.44 फीसदी बढ़कर 330.29 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान कुल आयात 5.9 फीसदी बढ़कर 578.61 अरब डॉलर हो गया। इस तरह वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में कुल व्यापार घाटा 248.32 अरब डॉलर दर्ज किया गया।

निर्यात का रुझान पॉजिटिव

व्यापार आंकड़ों पर वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत का निर्यात पॉजिटिव रुझान दिखा रहा है। उन्होंने कहा, “मौजूदा रुझानों को देखते हुए हमें उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में कुल निर्यात (वस्तु और सेवाएं) 850 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर सकता है।”

पिछले महीने निर्यात में तेजी की अगुवाई इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, समुद्री प्रोडक्ट और दवा जैसे क्षेत्रों ने की। इसके साथ अमेरिका, चीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को भारत का निर्यात स्थिर गति से बढ़ रहा है।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : January 15, 2026 | 5:13 PM IST