मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच हारने के बाद खिलाड़ियों और स्टाफ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इस सीजन को निराशाजनक बताया। नीता अंबानी ने मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनना बहुत बड़ा सम्मान और गर्व की बात बताया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम चाहते थे वैसा इस सीजन हम नहीं कर पाए लेकिन वे टीम की केवल मालकिन नहीं बल्कि फैन हैं और टीम के साथ जुड़े रहना उनके लिए सम्मान की बात है।
मुंबई इंडियंस के ऑफिशियल हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि वे हार का रिव्यू करेंगी और आगे की रणनीति बनाएंगी। साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
वहीं, मुंबई इंडियंस की मालकिन ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने रोहित, हार्दिक, सूर्यकुमार (सूर्यकुमार यादव) और (जसप्रीत) बुमराह का नाम लेकर कहा कि पूरा भारत आप सबको जीतता हुआ देखना चाहता है. हमारी तरफ से शुभकामनाएं!
गौरतलब है कि आईपीएल 2024 की शुरुआत से पहले रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया गया था। रोहित शर्मा ने 10 साल तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी की थी और टीम को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया था। वहीं हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस को उनकी पहली ही सीजन में चैंपियन बना चुके हैं।
लेकिन मुंबई इंडियंस में वापसी के बाद हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और कप्तानी के फैसलों को भी लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि अगले साल होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या दोनों को रिटेन न करे।