मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में ठाणे को कभी एक सहायक उपनगर के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब यह शहर इस रीजन का एक प्रमुख आवासीय बाजार के रूप में उभर रहा है। बीते कुछ वर्षों में इस शहर में संपत्ति की कीमतों में तेज वृद्धि देखने को मिली है। साथ ही यह छोटे व मझोले मकानों का प्रमुख केंद्र बन गया है। एमएमआर के इस शहर में कीमतें भी दूसरे शहरों की तुलना में कम हैं। इस शहर में बुनियादी ढांचे का तेजी से उन्नयन हो रहा है, जिससे यहां संपत्ति खरीदने में खरीदारों की रुचि बढ़ रही है।
संपत्ति सलाहकार फर्म एनारॉक समूह के मुताबिक ठाणे में बीते वर्षों में मकान की कीमतों में तेज वृद्धि हुई है। केवल 3 साल के दौरान मकान 46 फीसदी महंगे हो गए हैं। 2022 की दूसरी तिमाही में इस शहर में मकान की औसत कीमत 13,550 रुपये थी, जो 2025 की दूसरी तिमाही में बढ़कर 19,800 रुपये वर्ग फुट हो गई। एनारॉक चैनल पार्टनर्स के प्रमुख आयुष पुरी ने कहा कि बीते 5 साल की बात करें तो मकान की कीमतें 60 फीसदी बढ़ गई हैं। ठाणे न केवल एक लोकप्रिय आवासीय गंतव्य है, बल्कि इसने एमएमआर आवास परिदृश्य को फिर से परिभाषित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ठाणे को बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे के उन्नयन से बढ़ावा मिला है। 2025 में निर्माणाधीन मकानों की मांग रेडी टू मूव मकानों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है क्योंकि इस शहर में मुंबई के प्रमुख बाजारों के विपरीत अपेक्षाकृत सस्ती कीमत पर लग्जरी मकान उपलब्ध हैं।
ठाणे एमएमआर रीजन में छोटे व मझोले आकार के मकानों का प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। एनारॉक के मुताबिक वित्त वर्ष 2020 से 2025 के दौरान 65,800 मकान लॉन्च हुए। इनमें से 45 फीसदी मकान 2 बीएचके (मझौले), जबकि 42 फीसदी 1 बीएचके यानी छोटे आकार के थे। 3 बीएचके मकानों की हिस्सेदारी 11 फीसदी, जबकि 4 बीएचके मकानों की हिस्सेदारी महज 2 फीसदी दर्ज की गई।
ठाणे में मकान खरीदना मुंबई की तुलना में सस्ता है। पुरी ने कहा कि ठाणे मुंबई की तुलना में कम से कम 78 फीसदी अधिक किफायती है। उदाहरण के लिए 650 वर्ग फुट के औसत कारपेट ऐरिया वाले 2 बीएचके मकान की कीमत ठाणे में करीब 1.25 करोड़ रुपये है, जबकि मुंबई के केंद्रीय उपनगरों में इसकी कीमत लगभग 2.11 करोड़ होगी। पश्चिमी उपनगरों में यह 2.36 करोड़ रुपये जाती है। इस कीमत में जीएसटी, पंजीकरण और अन्य शुल्क शामिल नहीं हैं। मुंबई में आसमान छूते मकानों के दाम के बीच ठाणे उन मकान खरीदारों और निवेशकों के लिए तेजी से पसंदीदा जगह बनता जा रहा है जो गुणवत्ता से समझौता किए बिना बेहतर मूल्य चाहते हैं।
एनारॉक की रिपोर्ट में पाया गया है कि ठाणे के रियल एस्टेट बाजार में कुछ उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। कोविड प्रभावित वित्त वर्ष 2020 और वित्त वर्ष 2025 के दौरान वित्त वर्ष 2023 में नए मकानों की आपूर्ति वित्त वर्ष 2020 की तुलना में लगभग 103 फीसदी बढ़ी, जबकि मांग वित्त वर्ष 2020 की तुलना में वित्त वर्ष 2024 में 78 फीसदी बढ़कर 19,600 हो गई। वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में ठाणे में लगभग 3,130 मकान बिके, जबकि नई आपूर्ति 2,910 रही। ठाणे सेंट्रल में पंचपाखड़ी और नौपाड़ा, पोखरण रोड, माजीवाड़ा-बालकुम, कोलशेत रोड और कासारवडवली अधिकतम नई आपूर्ति के आधार पर शीर्ष पांच माइक्रो बाजार हैं। 47 फीसदी नई आपूर्ति ग्रेड ए डेवलपर द्वारा की जा रही है। ठाणे की लगभग 44 फीसदी आवासीय आपूर्ति 80 लाख रुपये से 1.6 करोड़ रुपये के बजट सेगमेंट में है।