facebookmetapixel
2026 में 1,00,000 के पार जाएगा सेंसेक्स ? एक्सपर्ट्स और चार्ट ये दे रहे संकेतसिगरेट पर एडिशनल एक्साइज ड्यूटी, 10% तक टूट ITC और गोडफ्रे फिलिप्स के शेयर; 1 फरवरी से लागू होंगे नियमहोटलों को एयरलाइंस की तरह अपनाना चाहिए डायनेमिक प्राइसिंग मॉडल: दीक्षा सूरीRBI की वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट, क्रिप्टो पर सतर्कता; CBDC को बढ़ावाउभरते आर्थिक दबाव के बीच भारतीय परिवारों का ऋण बढ़ा, पांच साल के औसत से ऊपरनया साल 2026 लाया बड़े नीतिगत बदलाव, कर सुधार और नई आर्थिक व्यवस्थाएंसरकार ने 4,531 करोड़ रुपये की बाजार पहुंच समर्थन योजना शुरू कीअनिश्चित माहौल में सतर्कता नहीं, साहस से ही आगे बढ़ा जा सकता है: टाटा चेयरमैनपुरानी EV की कीमत को लेकर चिंता होगी कम, कंपनियां ला रही बायबैक गारंटीऑटो PLI योजना का बढ़ेगा दायरा, FY27 से 8 और कंपनियों को मिलेगा प्रोत्साहन

सुधरा फिल्म कारोबार तो स्क्रीन बढ़ोतरी ने पकड़ी रफ्तार

Last Updated- December 11, 2022 | 7:07 PM IST

पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस’ ने भारत में पहले तीन दिन में तगड़ा कारोबार कर डाला। 6 मई को रिलीज हुई इस फिल्म ने 8 मई यानी रविवार तक 97 करोड़ रुपये की कमाई की। पिछले छह महीने में स्पाइडरमैन: नो वे होम के बाद यह शानदार शुरुआत हासिल करने वाली दूसरी अंतरराष्ट्रीय फिल्म बन गई है।
दक्षिण की बेहतरीन फिल्मों और हॉलीवुड की फिल्मों का मेल सिने दीवानों को फिर से थिएटरों में ला रहा है। इससे देश की शीर्ष तीन मल्टीप्लेक्स चेन- पीवीआर, आइनॉक्स और सिनेपोलिस को भी पर्दे बढ़ाने का हौसला मिल रहा है। ये कंपनियां चालू वित्त वर्ष में अपनी स्क्रीन की संख्या बढ़ाना चाहती हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचा जा सके।
इन तीनों कंपनियों के पर्दों की संख्या में कोविड से पहले के मुकाबले 50 फीसदी इजाफा होगा। इसके लिए रकम का इंतजाम भी ये अपने पास से ही करेंगी। कोविड-19 महामारी के कारण पिछले दो वित्त वर्षों में इन्होंने पर्दे बढ़ाने से लगभग तौबा ही कर ली थी।
इस क्षेत्र में पीवीआर और आइनॉक्स का विलय होने जा रहा है, जिसमें कम से कम 6 से 9 महीने लग जाएंगे। इसका मतलब है कि तब तक दोनों पहले की तरह सामान्य तरीके से कारोबार करेंगी।
पीवीआर वित्त वर्ष 2023 में करीब 125 स्क्रीन बढ़ाएगी, जबकि यह कोविड से पहले हर साल 80 स्क्रीन बढ़ा रही थी। आइनॉक्स वित्त वर्ष 2023 में 77 स्क्रीन बढ़ाएगी, जबकि कोविड से पहले के वित्त वर्ष में उसने केवल 52 स्क्रीन बढ़ाई थीं। इस साल सिनेपोलिस 60 स्क्रीन का इजाफा करेगी, जबकि इसने कोविड से पहले 40 स्क्रीन बढ़ाई थीं।
पीवीआर के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अजय बिजली ने कहा, ‘हम अपने निवेश पर जोर दे रहे हैं और अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो इस साल (वित्त वर्ष 2023) हम भारत में एक साल में स्क्रीन खोलने की संख्या का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ देंगे।’ कंपनी ने वित्त वर्ष 2023 में स्क्रीन की संख्या में बढ़ोतरी पर 350 से 400 करोड़ रुपये की पूंजी खर्च करने की योजना बनाई है।
वित्त वर्ष 2022 के अंत में पीवीआर के पास 74 शहरों के 173 सिनेमाघरों में 854 स्क्रीन थीं। सोमवार को चौथी तिमाही के नतीजों के बाद विश्लेषकों के साथ चर्चा में प्रबंधन ने संकेत दिया था कि कंपनी वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही तक 1,000 स्क्रीन के आंकड़े को छू लेगी।
आइनॉक्स लेजर के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) आलोक टंडन ने पिछले हफ्ते वित्तीय नतीजों के बाद चर्चा के दौरान कहा था कि कंपनी का भविष्य में स्क्रीन की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर सकारात्मक रुख है। उन्होंने कहा, ‘वित्त वर्ष 2022 की शानदार समाप्ति से हमें वित्त वर्ष 2023 के लिए अच्छा लॉन्चपैड मिला है, जिसमें हमने 77 स्क्रीन खोलने की योजना बनाई है। पहले हो चुके समझौतों के आधार पर वित्त वर्ष 2023 के बाद हमारे पास करीब 117 प्रॉपर्टी, 840 स्क्रीन और 1.53 लाख सीट पाइपलाइन में होंगी।’
आइनॉक्स के पास वित्त वर्ष 2022 के अंत में 72 शहरों में 161 परिसंपत्तियों में 681 स्क्रीन थीं। विश्लेषकों के मुताबिक इसने वित्त वर्ष 2023 में नए स्क्रीन खोलने पर करीब 300 करोड़ रुपये की पूंजी के निवेश की योजना बनाई है।
सिनेपोलिस इंडिया के सीईओ देवांग संपत ने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में 60 स्क्रीन बढ़ाएगी, जो कंपनी द्वारा किसी एक साल में खोली गई स्क्रीन में सबसे अधिक होंगी। उन्होंने कहा, ‘फिल्म हॉल में चहल-पहल है और लोग दो साल तक बंदिशों में रहने के बाद बाहर जाना और फिल्म देखना चाहते हैं। यह फिल्म प्रदर्शकों के लिए इस रुझान को भुनाने का उपयुक्त समय है।’

First Published - May 10, 2022 | 11:21 PM IST

संबंधित पोस्ट