Israel-Hamas War: अडाणी समूह (Adani Group) की कंपनी अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड (Adani Ports) ने सोमवार को कहा कि इजराइल में स्थित हाइफा बंदरगाह पर तैनात उसके कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।
फलस्तीन के गाजा पट्टी (Gaza Strip) इलाके पर नियंत्रण रखने वाले समूह हमास ने इजरायल के दक्षिणी इलाकों पर शनिवार को जमीनी एवं हवाई हमले कर दिए। इसके बाद से ही समूचे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
अडाणी पोर्ट्स ने बयान में कहा कि वह हाइफा बंदरगाह को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी विपरीत स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उसने कारोबार को निरंतर जारी रखने की योजना तैयार कर ली है। कंपनी ने साल की शुरुआत में ही इस रणनीतिक महत्व वाले बंदरगाह का 1.2 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था।
जमीनी स्थिति की बारीकी से निगरानी
कंपनी ने कहा, ‘‘हम जमीनी स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। वहां का घटनाक्रम दक्षिणी इजरायल में हो रहा है जबकि हाइफा बंदरगाह उत्तरी इलाके में स्थित है।’’
अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड ने बयान में कहा, ‘‘हमने अपने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं और वे सभी सुरक्षित हैं।’’ बयान के मुताबिक, अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड के कुल कारोबार में हाइफा बंदरगाह की हिस्सेदारी महज तीन प्रतिशत ही है।
चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में कंपनी का कुल लदान 20.3 करोड़ टन था जिसमें हाइफा की हिस्सेदारी 60 लाख टन रही। इसके साथ ही कंपनी ने अपना कारोबारी प्रदर्शन कायम रहने को लेकर पूरा भरोसा जताया है।