अदाणी पावर लिमिटेड (APL) ने झारखंड स्थित तापीय बिजली घर में 800 मेगावॉट की इकाई का वाणिज्यिक परिचालन शुरू कर दिया है। अदाणी समूह की कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को बताया कि 1,600 मेगावॉट क्षमता की दूसरी इकाई भी पूरी होने वाली है और इसके जल्द चालू होने की उम्मीद है।
समूह ने कहा, ‘झारखंड के गोड्डा स्थित अदाणी पावर (झारखंड) लिमिटेड (APJL) की 800-800 मेगावॉट की दो इकाइयों वाली अत्याधुनिक बिजली परियोजना की पहली इकाई का वाणिज्यिक परिचालन शुरू हो गया है।’
अदाणी पावर की पूर्ण अनुषंगी APJL 25 साल के बिजली खरीद समझौते (PPA) के तहत पहली इकाई से 748 मेगावॉट बिजली बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड को देगी।
बयान के अनुसार, ‘APJL ने छह अप्रैल, 2023 से बिजली खरीद समझौते के तहत वाणिज्यिक परिचालन शुरू कर दिया है।’