कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का असर रुपये पर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 26 पैसे मजबूत होकर 94.90 पर पहुंच गया। डॉलर इंडेक्स में भी नरमी आई है। एक्सपर्ट के मुताबिक कोई निगेटिव न्यूज आने पर रुपये में गिरावट भी आ सकती है।
इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 94.95 के स्तर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 94.90 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 60 पैसे कमजोर होकर 95.16 पर बंद हुआ था।
फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान बढ़ी कच्चे तेल की कीमतें अब फिर से पुराने स्तर पर लौट आई हैं। जिससे रुपये में मजबूती को समर्थन मिला है। इसके अलावा, ग्लोबल मार्केट में जोखिम को लेकर धारणा भी कुछ सप्ताह पहले की तुलना में स्थिर हुई है।
CR Forex Advisors के प्रबंध निदेशक अमित पबारी ने कहा कि भारत में विदेशी निवेश बढ़ रहा है। बाजार का मानना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इस आने वाली विदेशी पूंजी का बड़ा हिस्सा अपने पास रखेगा, ताकि रुपये की कीमत बहुत तेजी से न बढ़े।
पबारी ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जैसे सकारात्मक संकेतों के बावजूद रुपया कमजोर हुआ। उनका कहना है कि अगर अच्छी खबरों के बावजूद रुपया मजबूत नहीं हो रहा है, तो किसी भी नकारात्मक घटनाक्रम की स्थिति में डॉलर के मुकाबले रुपया और कमजोर होकर 95.80 से 96.00 के स्तर तक पहुंच सकता है। फिलहाल डॉलर के मजबूत रहने की संभावना बनी हुई है, जबकि 94.80 का स्तर रुपये के लिए एक अहम सपोर्ट माना जा रहा है।
कारोबारियों ने बताया कि जून महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बॉन्ड बाजार में करीब 5.3 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश किया। लगातार तीन महीनों तक निकासी के बाद यह पहला महीना रहा, जब बॉन्ड बाजार में शुद्ध विदेशी निवेश दर्ज किया गया।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.38 पर कारोबार कर रहा था। ग्लोबल ऑयल स्टैंडर्ड ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.76 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 377.40 अंक की बढ़त के साथ 77,269.54 पर, जबकि निफ्टी 106.70 अंक चढ़कर 24,113.25 पर कारोबार कर रहा था। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयर बाजार में 1,140.50 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।