भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि नक्सली वारदातों में जहां दूसरे राज्यों में कमी आयी है वहीं बिहार में इन वारदातों में 41 फीसदी का इजाफा क्यों हुआ है।
उन्होंने कहा कि बिहार में आतंकी घटनाओं के पीछे सुरक्षा में चूक के लिए कौन जिम्मेवार है यह मुख्यमंत्री को बताना चाहिए था।
मोदी ने कहा कि क्या आतंकवाद और नक्सलवाद को लेकर बिहार सरकार की नरमी और उदासीनता इसके लिए जिम्मेवार नहीं है।
उन्हांेने कहा कि चाहे वह कांटी ताप बिजली घर के आधुनिकीकरण का मामला हो, गंगा पथ, एम्स से दीघा तक एलिवेटेड रोड, बिहार संग्रहालय का निर्माण और बेतिया मेडिकल कॅालेज आदि की बात हो तो यह वर्तमान बिहार सरकार के पांच महीने के कार्यकाल की उपलब्धियां नहीं रही है।
मोदी ने दावा किया कि योजनाओं के कार्यान्वयन और स्वीकृति में भाजपा के मंत्रियों का भी योगदान रहा है। अब तक की जितनी भी विकास योजनाओं का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास या उदघाटन किया है, उनमें भाजपा बराबर की भागीदार रही है जिसकी उन्हें चर्चा करनी चाहिए थी।