अली शेर 1991 में दिल्ली गोल्फ क्लब में इस टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय पेशेवर गोल्फर बने। उन्हौंने इसके बाद दिल्ली में ही 1993 में अपने इस प्रदर्शन को दोहराया और दो बार इंडियन ओपन जीतने वाले पहले भारतीय भी बने। अली शेर से पूर्व भारतीय खिलाडि़यों में पीजी सेठी ने 1965 में इंडियन ओपन जीता था लेकिन वह एमेच्योर गोल्फर थे।
अली शेर ने 1990 के दशक के माहौल के बारे में आज यहां पत्रकारों से कहा, उस समय गोल्फ के लिए हालात काफी अच्छे नहीं थे। लोग इसे उम्रदराज लोगों का उबाउ खेल समझते थे लेकिन बाद में भारतीय खिलाडि़यों ने अच्छा प्रदर्शन करना शुरू किया और लोगों की इसमें रूचि बढ़ती गई।
उन्होंने कहा, पिछले छह से सात साल में इनामी राशि में काफी इजाफा हुआ है जिससे अब अधिक युवा इस खेल से जुड़ना चाहते हैं और यह खेल देश में काफी लोकप्रिय हो रहा है।
वर्ष 1991 में इंडियन ओपन में अपनी पहली जीत को याद करते हुए अली शेर ने कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यह टूर्नामेंट जीतूंगा। मैं सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था। लेकिन जब अंतिम दौर में दो या तीन होल बचे तो मुझे लगने लगा कि मैं जीत सकता हूं और अंतत: मैं कामयाब रहा।