टेक-ऑटो

यात्री वाहनों की थोक बिक्री 11 प्रतिशत बढ़ी, SUV से मिली बिक्री को रफ्तार

फरवरी में तिपहिया वाहनों की बिक्री 8.3 प्रतिशत बढ़कर 54,584 रही

Published by
सोहिनी दास   
Last Updated- March 12, 2024 | 11:09 PM IST

स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल की निरंतर मांग के कारण फरवरी में यात्री वाहनों की थोक बिक्री में पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उद्योग के संगठन सायम के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

फरवरी में डीलरों को भेजे गए कुल यात्री वाहनों की संख्या 3,70,786 रही। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सायम) के अनुसार फरवरी में तिपहिया वाहनों की बिक्री 8.3 प्रतिशत बढ़कर 54,584 रही। दोपहिया वाहनों की बिक्री की रफ्तार भी जारी रही और यह 34.6 प्रतिशत बढ़कर 15,20,761 रही।

सायम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि यात्री वाहनों, दोपहिया और तिपहिया वाहनों ने पिछले वर्ष की तुलना में फरवरी 2024 के दौरान वृद्धि दर्ज की है जबकि वाणिज्यिक वाहनों में कुछ गिरावट देखी गई है।

साल 2023-24 की तीसरी तिमाही में देश के कुल जीडीपी में जोरदार वृद्धि ने वाहन क्षेत्र की मदद की है। फरवरी 2024 में प्रधान मंत्री की मौजूदगी में आयोजित भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2024 ने भी उपभोक्ताओं के लिए जोरदार सकारात्मक धारणा पैदा की है और इसलिए उद्योग को उम्मीद है कि विकास की रफ्तार जारी रहेगी।

यात्री वाहन श्रेणी में एसयूवी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। प्रमुख एसयूवी कंपनी महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने सोमवार को कहा कि फरवरी में घरेलू बाजार में उसकी एसयूवी की बिक्री 40 प्रतिशत बढ़ी है।

सायम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि यात्री वाहनों ने फरवरी में एक बार फिर अपनी अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की जो फरवरी 2023 की तुलना में 10.8 प्रतिशत बढ़कर 3,70,786 हो गई। तिपहिया वाहनों ने भी बिक्री में 8.3 प्रतिशत की औसत वृद्धि दर्ज की और फरवरी 2024 में वाहन बिक्री 55,000 रही।

दोपहिया वाहनों ने फरवरी 2023 की तुलना में 15.2 लाख वाहन बिक्री के साथ 34.6 प्रतिशत की सराहनीय वृद्धि दर्ज की। फरवरी में निर्यात में भी वृद्धि हुई है। इस दौरान यात्री वाहन निर्यात में 20.5 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, जबकि दोपहिया वाहनों के निर्यात में 39.5 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।

First Published : March 12, 2024 | 11:09 PM IST