रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक राहुल भगत ने प्रेट्र को बताया कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पिछले महीने यहां आधिकारिक अनुमति लिए बिना एक प्रदर्शन किया जब राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू थी ।
गत 26 अक्तूबर को जिला इकाई के प्रमुख प्रवीण द्विवेदी के नेतृत्व में एबीवीपी के करीब 60 कार्यकर्ताओं ने कोयला घोटाले को लेकर कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पुतला जलाया था ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाद में 10 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया जिनमें से आठ को कल गिरफ्तार कर लिया गया । दो अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं ।
गिरफ्तार लोगों को कल शाम मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जीके नीलम के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें 8 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया ।