उत्तर प्रदेश सरकार ने आज राज्य निर्वाचन आयुक्त से मथुरा जिले में आगामी 18 जुलाई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों को स्थानीय त्यौहारों के मद्देनजर स्थगित करके 19 जुलाई को कराने की सिफारिश की है।
प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक :कानून-व्यवस्था: बीपी सिंह ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि मथुरा के जिला प्रशासन ने राज्य निर्वाचन आयुक्त से गुजारिश की है कि 17 जुलाई को शिवरात्रि के मौके पर मथुरा में होने वाले आयोजनों के मद्देनजर स्थानीय निकाय चुनावों को 18 जुलाई को नहीं कराया जाए।
उन्होंने बताया कि इस गुजारिश पर राज्य के गृह विभाग के प्रमुख सचिव तथा पुलिस महानिदेशक से इस बाबत रिपोर्ट मांगी गयी है।
सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने मथुरा में स्थानीय निकाय चुनाव 18 के बजाय 19 जुलाई को कराने की सिफारिश की है।
गौरतलब है कि मथुरा की मांट विधानसभा सीट के उपचुनाव के मद्देनजर वहां स्थानीय निकाय चुनाव बाद में कराये जाने का फैसला किया गया था।