अजित ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि सचिन का टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला सही समय पर आया है क्योंकि वह शीर्ष पर रहते हुए जा रहा है।
उन्होंने कहा, हमने कभी नहीं सोचा था कि सचिन 16 बरस की कम उम्र में भारत की ओर से खेलेगा। हम कदम दर कदम आगे बढ़ने के बारे में सोच रहे थे। स्कूल स्तर से क्षेत्रीय स्तर और फिर अखिल भारतीय स्तर, अंडर 15 से अंडर 19 और फिर सीनियर स्तर और आगे।
अजित ने हैडलाइंस टुडे से कहा, कभी नहीं सोचा था कि सचिन इन सभी स्तरों को पीछे छोड़कर 16 साल में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
उन्होंने कहा, हमेें उस समय गर्व और खुशी हुई जब उसे पहली बार 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम में चुना गया और उस समय परिवार बेहद खुश था।
अजित ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का सचिन का फैसला परिवार के सदस्यों के लिए हैरानी भरा नहीं था क्योंकि वह पिछले कुछ समय से श्रृंखला दर श्रृंखला संन्यास के बारे में आकलन कर रहा था।