राजनीति

अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू भाजपा में हुए शामिल

भाजपा में शामिल होते हुए संधू ने भारत-अमेरिका संबंधों की प्रगति के बारे में बात की और कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 19, 2024 | 10:44 PM IST

अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। ऐसी संभावना है कि भाजपा उन्हें पंजाब के अमृतसर से लोक सभा चुनाव मैदान में उतार सकती है। पार्टी महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा में शामिल होते हुए संधू ने भारत-अमेरिका संबंधों की प्रगति के बारे में बात की और कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा को उनकी राजनीतिक पारी के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह विकास उनके गृहनगर अमृतसर तक भी पहुंचना चाहिए।

भारतीय विदेश सेवा के पूर्व अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध साझेदारी में विकसित हुए हैं जो दोनों के लिए जीत की स्थिति है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इसका लाभ रोजगार के अवसरों और विकास के मामले में अमृतसर जैसे भारत के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचना चाहिए।

First Published : March 19, 2024 | 10:44 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)