RBI जमकर कर रहा सोने की खरीदारी, भारत का गोल्ड रिजर्व 817 टन पर पहुंचा

भारत का गोल्ड रिजर्व बढ़कर अब 817 टन पर पहुंच गया है जो उसके कुल फॉरेक्स रिजर्व का 8.5 फीसदी है।

Published by
अजीत कुमार   
Last Updated- April 12, 2024 | 6:03 PM IST

Central Banks Gold Buying: भारत के केंद्रीय बैंक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की तरफ से इस साल जमकर सोने की खरीदारी की जा रही है। नए साल के दूसरे महीने यानी फरवरी में भी खरीदारी का यह सिलसिला बरकरार रहा। इस तरह से देखें तो साल के पहले दो महीने में आरबीआई ने 13 टन से ज्यादा सोना खरीदा है। भारत का गोल्ड रिजर्व बढ़कर अब 817 टन पर पहुंच गया है जो उसके कुल फॉरेक्स रिजर्व का 8.5 फीसदी है।

इससे पहले नए साल के पहले महीने में आरबीआई की खरीदारी बढ़कर 20 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी । जबकि नवंबर -दिसंबर 2023 के दौरान आरबीआई ने सोने की खरीदारी से परहेज किया था।

सोने (gold) की कीमतों को परवान चढ़ाने में केंद्रीय बैंकों (central banks) की खरीदारी का बड़ा योगदान रहा है। सोने की कीमतों में फिलहाल रिकॉर्ड तेजी देखी जा रही है। घरेलू बाजार में जहां सोना 73 हजार के स्तर को पार कर गया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय कीमतें 2,400 डॉलर प्रति औंस के ऊपर है।

जानकारों के अनुसार इन्वेस्टमेंट डिमांड में सुस्ती के बावजूद अगर गोल्ड इतना बेहतर प्रदर्शन कर रहा है तो इसकी बड़ी वजह केंद्रीय बैंकों की तरफ से सोने की लगातार हो रही खरीद है। गोल्ड ईटीएफ में निवेश लगातार 10वें महीने मार्च  2024 में घटा है। जबकि केंद्रीय बैंकों की तरफ से लगातार सोने की खरीद हो रही है।

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (World Gold Council)  की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों की तरफ से फरवरी 2024 के दौरान नेट 19 टन सोने की खरीद की गई। जनवरी  के मुकाबले यह  58 फीसदी कम है। दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने जनवरी 2024 के दौरान नेट 45 टन सोना खरीदा था।  इस तरह से इस साल के पहले दो महीने के दौरान गोल्ड की खरीदारी बढ़कर 64 टन तक पहुंच गई है। 2023 की समान अवधि के मुकाबले यह 43 फीसदी कम है। हालांकि 2022 की समान अवधि के मुकाबले यह चार गुना ज्यादा है।

खरीदारी के मामले में कौन देश रहे आगे
पहले नंबर पर
इसी रिपोर्ट के अनुसार फरवरी 2024 में सबसे ज्यादा खरीदारी चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBoC) की तरफ से की गई। चीन के केंद्रीय बैंक ने इस दौरान अपने गोल्ड रिजर्व में 12 टन का इजाफा किया। फरवरी  2024 के अंत तक चीन का गोल्ड रिजर्व बढ़कर 2,257 टन तक पहुंच गया। यह लगातार 16 वां महीना है जब चीन का केंद्रीय बैंक सोने का नेट खरीदार रहा।

दूसरे नंबर पर
दूसरे नंबर पर रहा कजाकिस्तान का केंद्रीय बैंक। कजाकिस्तान के केंद्रीय बैंक की तरफ से फरवरी 2024 के दौरान 6 टन सोने की खरीदारी की गई। इस साल के पहले दो महीने के दौरान कजाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने 12 टन सोना खरीदा है।  फरवरी 2024 के अंत तक कजाकिस्तान का गोल्ड रिजर्व बढ़कर 306 टन तक पहुंच गया।

तीसरे नंबर पर
फरवरी 2024 में तकरीबन 6 टन सोने की खरीदारी के साथ भारत का केंद्रीय बैंक आरबीआई (RBI) तीसरे नंबर पर रहा। भारत का गोल्ड रिजर्व बढ़कर अब 817 टन तक पहुंच गया है। इससे पहले आरबीआई (RBI) ने कैलेंडर ईयर 2023 की पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी तिमाही के दौरान क्रमश: 7.27 टन, 2.80 टन, 9.21 टन और 2.8  टन सोना खरीदा था ।तुर्किए, सिंगापुर, चेक रिपब्लिक और कतर के  केंद्रीय बैंकों ने इस अवधि (फरवरी 2024) के दौरान अपने गोल्ड रिजर्व में क्रमश: 4 टन, और 2-2-2 टन का इजाफा किया।

बिक्री के मामले में आगे
सेलिंग के मामले में उज्बेकिस्तान का केंद्रीय बैंक अग्रणी रहा। उज्बेकिस्तान के केंद्रीय बैंक की तरफ से फरवरी 2024 के दौरान नेट 12 टन सोने की बिक्री की गई। जॉर्डन के केंद्रीय बैंक ने भी इस दौरान 4 टन गोल्ड बेचा।

2023 में कैसी रही थी खरीदारी
पिछले कैलेंडर ईयर यानी 2023 के दौरान केंद्रीय बैंकों की खरीदारी में 1,037.38 टन का इजाफा हुआ। 2022 की रिकॉर्ड खरीदारी से यह थोड़ा कम रहा। कैलेंडर ईयर 2022 में रिकॉर्ड 1,081.88 टन सोने की खरीदारी की गई थी।

वर्ष                  नेट खरीदारी (Net purchases)

2023               +1,037.38 टन

2022               +1,081.88 टन

2021               +450.11 टन

2020               +254.94 टन

2019                +605.41 टन

2018               +656.23 टन

2017               +378.56 टन

2016              +394.86 टन

2015               +579.55 टन

2014              +601.13 टन

2013               +629.45 टन

2012              +569.18 टन

2011             +480.79 टन

2010              +79.15 टन

(Source: World Gold Council)

पिछले कैलेंडर ईयर के दौरान चीन सोने की खरीद के मामले में अग्रणी रहा। चीन के केंद्रीय बैंक ने 2023 के दौरान अपने गोल्ड रिजर्व में 225 टन का इजाफा किया। जब से चीन ने अपने गोल्ड रिजर्व को लेकर जानकारी साझा करना शुरू किया है यानी 1977 से किसी एक साल के दौरान यह सबसे बड़ा इजाफा है। पोलैंड और सिंगापुर के केंद्रीय बैंक इस मामले में दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे।

2023             नेट खरीदारी (Net purchases)

चीन:               +224.88 टन

पोलैंड:           +130.03 टन

सिंगापुर:         +76.51 टन

लीबिया:           +30.01 टन

चेक रिपब्लिक:  +18.71 टन

भारत:            +16.22 टन

इराक:           +12.25 टन

कतर :            +7.44 टन

फिलीपींस :     +7.10 टन

किर्गिस्तान:      +6.95 टन

(Source: World Gold Council)

 2023 के दौरान नेट बिक्री

2023                                    नेट बिक्री (Net sales)

कजाकिस्तान                       -47.39 टन

उज़्बेकिस्तान                       -24.57 टन

बोलीविया                           -18.20 टन

कंबोडिया                          -10.08 टन

जर्मनी                               -2.49 टन

क्रोएशिया                       – 1.93 टन

तुर्किए                             -1.58 टन

ताइवान                          -1.24 टन

ताजिकिस्तान                  -1.04 टन

(Source: World Gold Council)

First Published : April 12, 2024 | 5:59 PM IST