पंजाब: मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे भगवंत

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 9:57 PM IST

आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को घोषणा की कि पंजाब विधानसभा चुनाव में भगवंत मान पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। मान ने लोगों को आश्वासन दिया कि आप के सत्ता में आने पर वह जनता के कल्याण के लिए काम करेंगे और राज्य को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करेंगे। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 10 मार्च को की जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ‘मिस्ड कॉल’ के जरिये चलाए गए ‘जनता चुनेगी अपना सीएम’ अभियान के परिणाम की घोषणा की। पार्टी नेताओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुनने के वास्ते चलाए गए इस अभियान के तहत पार्टी को 21.59 लाख प्रतिक्रियाएं मिलीं।
केजरीवाल ने मोहाली में पत्रकारों से कहा कि पार्टी को ‘जनता चुनेगी अपना सीएम’ अभियान के जवाब में 21,59,437 मत मिले। उन्होंने कहा, ‘इन प्रतिक्रियाओं में मेरे नाम सहित कई लोगों के नाम आए। मैंने पहले ही कहा था कि मैं दौड़ में नहीं हूं। हम उन वोट (जिनमें केजरीवाल का नाम है) को अमान्य घोषित कर रहे हैं। शेष बचे अन्य मतों में से 93.3 प्रतिशत लोगों ने सरदार भगवंत मान का नाम दिया था। वहीं, दूसरे नंबर पर (पंजाब कांग्रेस इकाई प्रमुख) नवजोत सिंह सिद्धू का नाम 3.6 प्रतिशत लोगों ने दिया।’ केजरीवाल ने कहा, ‘भगवंत मान को औपचारिक रूप से ‘आप’ का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाता है।’ पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि वह लोगों के लिए काम करते रहेंगे और पंजाब को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करेंगे।     

First Published : January 18, 2022 | 11:07 PM IST