ग्वालियर जिले में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या के बाद परिजनों में आरोपियों के घर में लगाई आग

Published by
भाषा
Last Updated- December 14, 2022 | 4:54 PM IST
ग्वालियर जिले में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या के बाद परिजनों में आरोपियों के घर में लगाई आग
PTI / ग्वालियर  December 14, 2022

14 दिसंबर (भाषा) मध्य प्रदेश में ग्वालियर जिले के एक गांव में 72 वर्षीय एक वृद्ध की हत्या से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी जिससे गांव में तनाव फैल गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चीनौर थाना क्षेत्र के ररुआ गांव में भूमि विवाद को लेकर बिहारी कुशवाहा, नीरज कुशवाहा और होताम कुशवाहा नामक तीन लोगों ने सोमवार शाम को वृद्ध अमर सिंह परिहार की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जिसके बाद पीड़ित परिवार के सदस्यों ने मंगलवार रात आरोपियों के घर में आग लगा दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित सांघी ने कहा कि दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। उनके अनुसार पुलिस ने हत्या के आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।

एसपी ने कहा कि आग से घरेलू सामान जल गया है और इस घटना से गांव में तनाव फैल गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ग्रामीण इलाकों में निगरानी रख रही है।

भाषा दिमो राजकुमार

First Published : December 14, 2022 | 11:24 AM IST