आपका पैसा

Aadhaar Update: 1 अक्टूबर से आधार में बदलाव करना पड़ेगा महंगा, समय पर कर लें ये सुधार

Aadhaar Update: अपडेट न कराने पर आधार कार्ड अवैध माना जाएगा, इसलिए समय पर सुधार करना जरूरी है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- September 28, 2025 | 10:59 AM IST

Aadhaar Update: अब आधार कार्ड में सुधार कराने की फीस बढ़ जाएगी। 1 अक्टूबर 2025 से सामान्य सुधार के लिए 75 रुपये और बायोमेट्रिक अपडेट जैसे फिंगरप्रिंट, आइरिस या फोटो बदलने पर 125 रुपये शुल्क देना होगा। बच्चों (7 से 17 वर्ष) के बायोमेट्रिक अपडेट के लिए भी अब 125 रुपये देने होंगे। हालांकि, नया आधार बनवाने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।

ग्रामीण और छोटे शहरों में रहने वाले लोगों के लिए यह अतिरिक्त खर्च बन सकता है। जो लोग पिछले दस वर्षों में आधार अपडेट नहीं कराए हैं, उन्हें अब दस्तावेज जमा करके नया शुल्क देना होगा।

UIDAI ने दी नई अपडेट गाइडलाइन

यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) के CEO भुवनेश्वर कुमार ने कहा है कि 1 अक्टूबर 2025 से 10 साल पुराने आधार कार्ड का अपडेट कराना अनिवार्य होगा। अपडेट के लिए UIDAI वेबसाइट (uidai.gov.in) या mAadhaar ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करके बायोमेट्रिक अपडेट किया जा सकता है।

सुधार के लिए पहचान के लिए पैन कार्ड, पते के लिए वोटर ID कार्ड और जन्म/रिश्ते की जानकारी के लिए बर्थ सर्टिफिकेट लेकर नजदीकी आधार केंद्र पर जाना होगा। बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 50 रुपये और डेमोग्राफिक सुधार के लिए 30 रुपये शुल्क देना होगा।

बायोमेट्रिक अपडेट फीस नहीं लगेगी

5 से 7 साल के बच्चों और 15 से 17 साल के किशोरों को अब कोई फीस नहीं देनी होगी। पहले यह 50 रुपये थी। हालांकि, अपडेट अनिवार्य है। अगर इसे समय पर नहीं किया गया, तो आधार कार्ड अवैध हो सकता है।

पति या पिता का नाम हटाया गया

15 अगस्त 2025 से नए आधार कार्ड पर 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए पिता या पति का नाम कार्ड पर नहीं दिखेगा। यह जानकारी केवल UIDAI के रिकॉर्ड में रहेगी। इससे बार-बार नाम बदलने की जरूरत नहीं होगी और प्राइवेसी सुरक्षित रहेगी।

जन्मतिथि और केयर ऑफ कॉलम में बदलाव

अब आधार कार्ड पर जन्मतिथि केवल वर्ष के रूप में दिखाई देगा, जबकि पूरा विवरण UIDAI के रिकॉर्ड में रहेगा। इसके अलावा, कार्ड से ‘केयर ऑफ’ कॉलम हटा दिया गया है। अब कार्ड पर केवल नाम, उम्र और पता दिखाई देगा।

एड्रेस अपडेशन के लिए दस्तावेज

जनवरी 2025 से पता बदलने के लिए केवल बैंक स्टेटमेंट या यूटिलिटी बिल स्वीकार होंगे। अन्य सुधारों के लिए पैन कार्ड, वोटर ID या बर्थ सर्टिफिकेट ही मान्य होंगे। 1 अक्टूबर से अपडेट प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। यानी, ऐप या वेबसाइट पर रिक्वेस्ट सबमिट करके नजदीकी केंद्र पर डॉक्यूमेंट वेरिफाई कराने के बाद ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा।

First Published : September 28, 2025 | 10:54 AM IST