बाजार

Rupee vs Dollar Today: रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे की गिरावट के साथ 83.43 प्रति डॉलर पर

Rupee vs Dollar Today: विदेशों में अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने और घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली से स्थानीय मुद्रा प्रभावित हुई।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 29, 2024 | 10:12 AM IST

Rupee vs Dollar Today: रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में पांच पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.43 पर पहुंच गया। विदेशों में अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने और घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली से स्थानीय मुद्रा प्रभावित हुई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि, घरेलू बाजारों के सकारात्मक रुख और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारतीय मुद्रा की गिरावट सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.39 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती सौदों के बाद 83.43 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.38 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.86 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 88.68 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुक्रवार को बिकवाल रहे और शुद्ध रूप से 3,408.88 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे।

First Published : April 29, 2024 | 10:12 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)