भारतीय स्मार्टफोन बाजार 2022 की पहली छमाही में एक प्रतिशत तक घट गया, क्योंकि सर्वाधिक बिक्री वाले स्मार्टफोन ब्रांड श्याओमी की खेपें जून तिमाही में कमजोर उपभोक्ता मांग की वजह से 28 प्रतिशत तक घट गईं।
इंटरनैशनल डेटा कॉरपोरेशन (आईडीसी) के वर्ल्डवाइड क्वाटरली मोबाइल फोन ट्रैकर के अनुसार, 7.1 करोड़ स्मार्टफोन जनवरी से जून 2022 की अवधि में भेजे गए थे। सबसे बड़ी गिरावट 100 डॉलर से कम के सेगमेंट में दर्ज की गई, जिसने अपनी बाजार भागीदारी में 5 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की। अध्ययन में कहा गया है कि साल की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में 5 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि इसे पहली तिमाही के मुकाबले अपेक्षाकृत अच्छी अवधि माना जाता है।
आईडीसी साउथ एशिया और एएनजेड के सहायक उपाध्यक्ष नावकेंदर सिंह ने कहा, ‘5जी स्मार्टफोन की आपूर्ति 5जी के मुकाबले बेहतर है, जिससे मजबूत एएसपी को बढ़ावा मिल रहा है, लेकिन मांग कम है। 200 डॉलर से कम के सेगमेंट में कुछ ही नई पेशकश हुईं। इसमें, मुद्रास्फीति दबाव से उपभोक्ता मांग प्रभावित हो रही है और वित्त वर्ष 2022 की दूसरी छमाही में राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इन कारकों की वजह से कैलेंडर वर्ष 2022 का प्रदर्शन सपाट रहेगा।’
श्याओमी सर्वाधिक बिक्री वाला ब्रांड बना हुआ है, लेकिन उसने 2022 की पहली छमाही में आपूर्ति अवरोधों की वजह से आपूर्ति में बड़ी गिरावट दर्ज की। 200 डॉलर से कम मूल्य के सेगमेंट पर आपूर्ति समस्याओं का ज्यादा प्रभाव पड़ा।
कंपनी ने रेडमी 10 सीरीज की पेशकश के साथ अप्रैल-जून तिमाही में सुधार दर्ज किया। रिपोर्ट के अनुसार इसके अलावा रेडमी 9ए स्पोर्ट और रेडमी नोट 11 का भी उसकी खेपों में 35 प्रतिशत का योगदान रहा।