शिक्षा

LinkedIn Job Report: इस साल हर 5 में से 4 भारतीय प्रोफेशनल्स नौकरी बदलने को हैं तैयार

Published by
भाषा
Last Updated- January 18, 2023 | 4:54 PM IST

इस साल पांच में से चार भारतीय पेशेवर नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं। वे विशेष रूप से उन पदों में रुचि रखते हैं जो अच्छे भुगतान के साथ-साथ महत्वपूर्ण कार्य-जीवन संतुलन और लचीलेपन की गुंजाइश देते हैं। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

पेशेवर सामाजिक नेटवर्क सेवा ‘लिंक्डइन’ के ‘आर्थिक ग्राफ’ के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर, 2021 की तुलना में पिछले महीने यानी दिसंबर, 2022 में भारत में नियुक्ति स्तर 23 प्रतिशत धीमा रहा। रिपोर्ट के अनुसार, “देश में इस साल पांच में से चार यानी 80 प्रतिशत पेशेवर नौकरी बदलने के बारे में सोच रहे हैं।”

उपभोक्ता अनुसंधान ने 30 नवंबर, 2022 और दो दिसंबर, 2022 के बीच 18 साल या उससे अधिक उम्र के 2,007 कर्मचारियों पर अध्ययन किया। रिपोर्ट के अनुसार, 45-54 आयु वर्ग के 64 प्रतिशत की तुलना में 18-24 आयु वर्ग के 88 प्रतिशत पेशेवर नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं।

लिंक्डइन करियर विशेषज्ञ और लिंक्डइन इंडिया की संपादकीय प्रमुख नीरजिता बनर्जी ने कहा, ” भारतीय कार्यबल चुनौतीपूर्ण आर्थिक स्थितियों के बावजूद आगे बढ़ने के लिए अपनी क्षमताओं पर भरोसा कर रहे हैं। यह स्पष्ट है कि महामारी के बाद से पेशेवरों ने लचीलेपन को महत्व दिया है, और हम इसे आगामी वर्ष के लिए उनके नजरिये में देख सकते हैं।”

बनर्जी ने आगे कहा कि पेशेवर आदर्श भूमिका के लिए प्रयास कर रहे हैं, जहां सही वेतन मिले और कार्य-जीवन संतुलन हो।

First Published : January 18, 2023 | 3:00 PM IST