चार महानगरों में बिकेंगे उत्तर प्रदेश के विशिष्ट उत्पाद

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:56 PM IST

उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्पियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों के विशिष्ट उत्पाद अब देश के महानगरों में बिकेंगे। प्रदेश सरकार जल्दी ही देश के चार बड़े शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और अहमदाबाद में अपनी महत्त्वाकांक्षी परियोजना एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत चयनित सामान बेचेगी। इन चारों शहरों में बड़े व्यापारिक क्षेत्रों में ओडीओपी के शोरूम खोले जाएंगे। इन सभी शहरों में पहले से चल रहे निर्यात निगम के गंगोत्री नाम के शोरूमों का नवीनीकरण कर उन्हें नई साज-सज्जा के साथ ओडीओपी उत्दापों की बिक्री के लिए उपयोग किया जाएगा। प्रदेश सरकार इन चारों शहरों के साथ ही गुजरात के नर्मदा तट पर स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के परिसर में भी ओडीओपी उत्पादों की बिक्री का प्रबंध किया जाएगा। देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों पर ओडीओपी के विशेष स्टॉल लगाने का फैसला पहले ही लिया जा चुका है। हाल ही में प्रदेश सरकार ने केंद्र के अनुरोध पर स्विटजरलैंड के दावोस शहर में होने वाले विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने वाले सभी देशों के प्रतिनिधियों को ओडीओपी के खास सामानों का उपहार भेजा है।
प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. नवनीत सहगल के मुताबिक दिल्ली स्थित कनाट प्लेस में 4,000 वर्गफुट से बड़े स्थान पर शोरूम बनाने का काम चल रहा है। मुंबई के नवी मुंबई स्थित उत्तर प्रदेश भवन में 1,000 वर्ग फुट में, कोलकाता के गरिया हाट स्थित दक्षिणायन शॉपिंग कॉम्पलेक्स में और अहमदाबाद के आंबावाडी में 3,000 वर्गफुट में ओडीओपी के शोरूम खुलेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के पास इन सभी शहरों के बीचोबीच जगह उपलब्ध है। इन स्थानों पर अभी गंगोत्री शोरूम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार इनका नवीनीकरण कराकर ओडीओपी उत्पादों को बिक्री के लिए रखेगी। इन शोरूम में पहुंचने वालों के सामने 100 से अधिक उत्पादों को खरीदने का विकल्प रहेगा। इनमें लखनऊ की चिकनकारी, बरेली की जरी-जरदोजी, आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी, मुजफ्फरनगर का गुड़, बच्चों के लिए झांसी के खिलौने, कन्नौज का विश्व प्रसिद्ध इत्र, बनारस की रेशमी साडिय़ां, लखनऊ के चिकन के कपड़े, मुरादाबाद के पीतल के उत्पाद, हाथरस की खुशबूदार हींग आदि बिक्री के लिए रखे जाएंगे।

First Published : May 18, 2022 | 12:36 AM IST