टीके की वैश्विक निविदा निकाली

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:21 AM IST

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पहली मई से और बड़े पैमाने पर टीकाकरण की योजना बनाई है। प्रदेश भर में शनिवार से 18 साल से उपर के युवाओं को कोविड वैक्सीन लगने की शुरुआत होगी जिसके लिए 80 लाख लोगों ने पंजीकरण करा लिया है। प्रदेश सरकार ने बड़े पैमाने पर जरूरत को देखते हुए एक करोड़ टीके का ऑर्डर दे दिया है। उत्तर प्रदेश में कोविड टीके की आपूर्ति के लिए वैश्विक निविदा मंगाने का भी फैसला किया गया है।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने बताया कि कोविड टीकाकरण का कार्य सुचारु रूप से संचालित हो, इसके लिए प्रदेश सरकार ने वैश्विक निविदा जारी करने का फैसला किया है। फौरी जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सीरम इंस्टिट्यूट और भारत बायोटेक को 50-50 लाख खुराक का ऑर्डर दिया गया है जबकि 4-5 करोड़ खुराक के लिए वैश्विक निविदा जारी किया जाएगा। प्रदेश में टीकाकरण के लिए बनाई गई समिति ने इसकी सिफारिश की थी। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा कि इसे तुरंत आगे बढ़ाया जाए।
सहगल ने कहा कि एक मई से शुरू हो रहे 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के टीकाकरण का कार्य कोरोना महामारी से लड़ाई में बहुत महत्त्वपूर्ण है। इसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था करें जिससे टीका बरबाद न हो। टीका केंद्र पर वही लोग आएं जिनका टीकाकरण होना है। सहगल के मुताबिक सभी केंद्रों पर 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण पूर्ववत जारी रहेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 1,00,41,134 लोगों ने टीके की पहली खुराक ले ली है। इसमें से 21,56,203 लोगों को टीके की दूसरी खुराक लगी है। निजी अस्पताल और नर्सिंग होम में रजिस्ट्रेशन को 31 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया है।

First Published : April 29, 2021 | 11:23 PM IST