सरकार ने सोमवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आश्वासन दिया कि टीके की कम आपूर्ति की तत्काल भरपाई करने के इंतजाम किए जाएंगे ताकि टीकाकरण अभियान स्थिर गति के साथ चल सके। स्वास्थ्य मंत्रालय ने टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा के लिए राज्यों के साथ बैठक में कहा कि राज्यों को कोविड टीकाकरण के लिए निजी अस्पतालों के साथ जुडऩे में अपनी सक्रियता दिखानी चाहिए। केंद्र ने राज्यों को सलाह दी है कि वे टीका निर्माताओं और निजी अस्पतालों के साथ टीके की समय पर आपूर्ति के लिए नियमित रूप से समन्वय बनाने के लिए दो या तीन सदस्यीय टीम का गठन करे।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार राज्यों के पास अब भी 1.75 करोड़ से अधिक कोविड टीके की खुराक हैं जिन्हें लोगों को दिया जाना है। इसके अलावा अन्य 2,73,970 टीके की खुराक पाइपलाइन में हैं और अगले तीन दिन के भीतर राज्यों को दी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अब तक राज्यों को टीके की 23 करोड़ खुराक दी गई हैं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि मई 2021 के अंतिम हफ्ते में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ गई थी क्योंकि महीने की अधिकांश टीके की आपूर्ति खत्म हो रही थी। भूषण ने कहा, ‘टीकाकरण की रफ्तार को और भी तेज करने की काफी गुंजाइश है।’ सरकार ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के लिए जून में कोविड-19 टीके की लगभग 12 करोड़ खुराक उपलब्ध होंगी जिनमें से आधी की आपूर्ति राज्यों को मुफ्त की जाएगी। मई में कोविड टीकाकरण के लिए 7,94,05,200 खुराक उपलब्ध थीं जिनमें से 4 करोड़ केंद्र ने राज्यों को मुफ्त में मुहैया कराया। अब तक करीब 21.3 करोड़ से अधिक खुराक दी गई हैं। स्वास्थ्य सचिव ने समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि कई राज्य ऐसे हैं जिन्हें अब भी टीके की खुराक की बरबादी काफी हद तक कम करने की जरूरत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक बयान में कहा है, ‘राज्यों को टीकों का ठीक से इस्तेमाल करने के लिए टीका लगाने वालों को फिर से प्रशिक्षित करने और टीके की खुराक का सावधानी से इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है।’
उत्तर प्रदेश में 4 जून से सीरो सर्वे होगा
उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में हुए कोरोना संक्रमण की गहन पड़ताल के लिए 4 जून से सीरो सर्वे कराएगी। वहीं प्रदेश के छह और जिलों में मंगलवार से लॉकडाउन अथवा आंशिक कोरोना कफ्र्यू नहीं रहेगा। इन जिलों में संक्रमण के मामले 600 से कम होने पर फैसला लिया गया है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने सोमवार को आदेश जारी कर बिजनौर, बागपत, मुरादाबाद, देवरिया, प्रयागराज और सोनभद्र में आंशिक कफ्र्यू खत्म कर दिया है। बीएस