भारत

मुकेश अंबानी फिर सबसे अमीर एशियाई, हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी का घटा ‘रुतबा’

Published by
भाषा
Last Updated- February 01, 2023 | 7:46 PM IST

पोर्ट से लेकर एनर्जी सेक्टर में कारोबार करने वाले अदाणी ग्रुप के प्रमुख गौतम अदाणी दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की सूची में पिछड़ गए हैं। वह अब सबसे अमीर एशियाई या भारतीय नहीं हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी कारोबारी मुकेश अंबानी एक बार फिर भारत और एशिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए हैं।

अंबानी पिछले साल अप्रैल में अदाणी से पिछड़ गए थे। अडाणी एक सप्ताह पहले फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में दुनिया के तीसरे सबसे धनी व्यक्ति थे और वह बुधवार को 15वें स्थान पर फिसल गए।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट जारी

अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट जारी है। फोर्ब्स वेबसाइट के अनुसार, 83.7 अरब अमेरिकी डॉलर की संपत्ति के साथ अंबानी सूची में 9वें स्थान पर हैं।

अदाणी की संपत्ति में पिछले साल 44 अरब डॉलर का इजाफा हुआ था और पिछले एक सप्ताह में उनकी संपत्ति तेजी से घटी है। वह इस समय वैश्विक अरबपतियों की सूची में 75.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 15वें स्थान पर हैं।

पिछले एक सप्ताह में अदाणी समूह की कंपनियों ने 90 अरब अमेरिकी डॉलर गंवा दिए हैं। अदाणी समूह ने हिंडनबर्ग के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बुधवार को अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 26.70 प्रतिशत टूटे। अदाणी पावर पांच प्रतिशत, अदाणी टोटल गैस 10 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट एंड एसईजेड 17.7 प्रतिशत टूटा।

First Published : February 1, 2023 | 7:30 PM IST