भारत

Gaganyaan Mission: अंतरिक्ष में भारत की नई उड़ान! पीएम ने स्पेस में जाने वाले 4 यात्रियों के नाम का किया ऐलान

पीएम मोदी ने उन चार अंतरिक्ष यात्रियों के नामों का ऐलान किया जो देश के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन-‘गगनयान’ (Mission Gaganyaan) के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 27, 2024 | 1:45 PM IST

Mission Gaganyaan : भारत अंतरिक्ष में एक और नई उड़ान भरने वाला है। ISRO के मिशन गगनयान (Gaganyaan Mission) के तहत भारतीय वायुसेना के चार पायलट अगले साल स्पेस में जाएंगे।

पीएम मोदी ने मंगलवार को उन चार अंतरिक्ष यात्रियों के नामों का ऐलान किया जो देश के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन-‘गगनयान’ (Mission Gaganyaan) के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं।

मोदी ने तिरुवनंतपुरम के पास थुंबा में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) के दौरे में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की तीन प्रमुख अंतरिक्ष बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।

ये चार यात्री जाएंगे स्पेस

उन्होंने बताया कि प्रशांत बालाकृष्णन नायर, अंगद प्रताप, अजीत कृष्णन और शुभांशु शुक्ला गगनयान मिशन के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्री हैं। ये चार भारतीय पहली बार भारत से अंतरिक्ष की यात्रा कर इतिहास रचने जा रहे हैं। पीएम ने इन चारों को ‘अंतरिक्ष यात्री विंग’ भी प्रदान किया।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान इसरो के गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम का रिव्यू भी किया। पीएम मोदी ने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन के साथ वीएसएससी में प्रदर्शित विभिन्न इसरो परियोजनाओं की प्रदर्शनी भी देखी।

पीएम मोदी ने तकनीकी इकाइयों का भी उद्घाटन किया

मोदी ने वीएसएससी में एक ‘ट्राइसोनिक विंड टनल’, तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में इसरो प्रणोदन परिसर (इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स) में सेमी-क्रायोजेनिक इंटीग्रेटेड इंजन संबंधी इकाई और आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसएचएआर) में पीएसएलवी एकीकरण इकाई का उद्घाटन भी किया।

First Published : February 27, 2024 | 1:45 PM IST