Delhi Weather Today: ठंड से कंपकंपा रहे हैं दिल्ली-NCR वाले, जानें आज कितना गिरा पारा

भारतीय रेलवे के अनुसार, दिल्ली आ रही 23 ट्रेनें कोहरे की वजह से एक से छह घंटे के विलंब से चल रही हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 12, 2024 | 2:27 PM IST

Delhi Temperature Today: राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है और इस सर्दी का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि यह पिछले पांच वर्षों में सबसे कम न्यूनतम तापमान है। आईएमडी ने कहा कि शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। पालम वेधशाला के अनुसार, सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता शून्य थी। भारतीय रेलवे के अनुसार, दिल्ली आ रही 23 ट्रेनें कोहरे की वजह से एक से छह घंटे के विलंब से चल रही हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 348 दर्ज किया गया। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब और 401 और 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

आईएमडी के बुलेटिन में कहा गया है कि सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत थी। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

First Published : January 12, 2024 | 11:24 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)