भारत

आतिशी आज दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी: AAP

आप के एक नेता के अनुसार समारोह के सादे ढंग से आयोजित होने की संभावना है।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 21, 2024 | 9:47 AM IST

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी का दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को शाम 4:30 बजे राज निवास में होगा और साथ ही और उनका मंत्रिपरिषद भी शपथ ग्रहण करेगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आतिशी को शपथ ग्रहण की तिथि से दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है और अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने पांच मंत्रियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है और शपथ ग्रहण समारोह राज निवास में शाम 4:30 बजे होगा। आप के एक नेता के अनुसार समारोह के सादे ढंग से आयोजित होने की संभावना है।

इस सप्ताह की शुरुआत में आप विधायकों की बैठक हुई और सर्वसम्मति से आतिशी को सत्तारूढ़ विधायक दल का नेता चुना गया। आप द्वारा घोषित नए मंत्रिपरिषद में गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और सुल्तानपुर माजरा से पहली बार विधायक बने मुकेश अहलावत शामिल होंगे। राय, गहलोत, भारद्वाज और हुसैन निवर्तमान केजरीवाल सरकार में मंत्री हैं।

आतिशी सरकार का कार्यकाल संक्षिप्त होगा क्योंकि दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

First Published : September 21, 2024 | 9:47 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)