चुनाव

रेवंत रेड्डी होंगे तेलंगाना के नए CM, जानें कब, कहां और कैसे होगा शपथग्रहण समारोह

राज्य की मुख्य सचिव ए. शांति कुमारी ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की

Published by
भाषा   
Last Updated- December 06, 2023 | 3:16 PM IST

तेलंगाना में कांग्रेस अध्यक्ष अनुमुला रेवंत रेड्डी हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद गुरुवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। छप्पन वर्षीय नेता का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को दोपहर एक बजकर चार मिनट पर यहां विशाल एलबी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

एलबी स्टेडियम में आयोजित होगा शपथग्रहण समारोह

राज्य की मुख्य सचिव ए. शांति कुमारी ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और बुधवार को एलबी स्टेडियम का भी दौरा किया। रेड्डी के साथ कैबिनेट मंत्रियों के शपथ लेने के बारे में तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका। इस बीच रेड्डी ने दिल्ली में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और अन्य से मुलाकात की।

Also read: रेवंत रेड्डी होंगे तेलंगाना के नए CM, भाजपा ने नहीं खोले अभी अपने पत्ते

सोनिया गांधी भी हो सकती हैं शामिल

सोनिया गांधी गुरुवार को हैदराबाद में रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकती हैं। गांधी से संसद के बाहर संवाददाताओं ने जब इस संबंध में सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘‘शायद।’’ एआईसीसी नेतृत्व ने मंगलवार को रेवंत रेड्डी को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता और तेलंगाना का अगला मुख्यमंत्री नामित किया।

हाल के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को हराया और कुल 119 सीटों में से 64 सीटें जीतीं। पार्टी की चुनाव पूर्व सहयोगी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) को एक सीट मिली।

First Published : December 6, 2023 | 3:16 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)