Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्य प्रदेश (MP) में सभी 29 लोक सभा सीटों पर जीत हासिल करने की ओर बढ़ रही है। इससे पहले प्रदेश के 1984 में कांग्रेस (Congress) ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी।
कांग्रेस का गढ़ मानी जाने वाली छिंदवाड़ा लोक सभा सीट (Chhindwara Lok Sabha Seat) भी 26 साल बाद एक बार फिर भाजपा के पाले में आती दिख रही है।
इंदौर लोकसभा क्षेत्र (Indore Lok Sabha constituency) में भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी 10 लाख से अधिक मतों से आगे हैं और वह देश में सबसे बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं। इंदौर में नोटा को दो लाख से अधिक मत मिले हैं जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
शिवराज सिंह चौहान विदिशा सीट से करीब 6.50 लाख मतों से आगे
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) विदिशा सीट से करीब 6.50 लाख मतों से आगे चल रहे हैं जबकि एक अन्य पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के दिग्विजय सिंह राजगढ़ में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रोडमल नागर से करीब 75,000 मतों से पीछे हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी गुना और खजुराहो में करीब 4.50 लाख मतों से आगे चल रहे हैं।
छिंदवाड़ा में कांग्रेस के नकुल नाथ भाजपा के विवेक साहू बंटी से करीब 92,000 मतों से पीछे हैं। मतगणना के बहुत कम राउंड बचे होने के कारण यहां से साहू की जीत तय मानी जा रही है।
कमल नाथ और नकुल नाथ के पूर्व सहयोगी और चुनाव के पहले भाजपा में शामिल हो चुके नेता सैयद जाफर ने कहा, ‘नुकल नाथ कमल नाथ जी की विरासत को संभाल नहीं पाए। घमंड और गलत सलाहकारों के कारण कांग्रेस का पुराना गढ़ ढह गया।’
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव, क्लस्टर प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और प्रत्याशी बंटी साहू की कड़ी मेहनत को जीत का श्रेय दिया।