भारतीय कंपनियों की शुक्रवार को जारी विनिर्माण के आंकड़ों पर करीबी निगाह रह सकती है। 2022-23 के संशोधित आधार वर्ष के साथ जारी ये आंकड़े सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की नई श्रृंखला पर आधारित हैं। बीते सालों में कारोबारी परिणामों में नजर आई वृद्धि 2011-12 आधार वर्ष वाली जीडीपी श्रृंखला में नजर नहीं आती थी। पिछले 10 में से सात वर्षों के दौरान सूचीबद्ध विनिर्माण कंपनियों की वृद्धि कमजोर रही।
ताजा आंकड़े दिखाते हैं कि जीडीपी में विनिर्माण की औसत हिस्सेदारी 2023 से 2026 के दौरान नई श्रृंखला के तहत वर्तमान मूल्य पर 13.3 फीसदी बढ़ी है। जबकि पहले यह 12.9 फीसदी थी।
यह महत्त्व इसलिए बढ़ जाता है कि भारतीय कंपनियों द्वारा नई विनिर्माण परियोजनाओं की रिकॉर्ड घोषणा की गई है। वित्त वर्ष 2024-25 में नई विनिर्माण परियोजना घोषणाएं 17.94 करोड़ रुपये तक पहुंचीं, जो सीएमआईई के 30 वर्षों के आंकड़ों में सबसे अधिक है। इसके बाद के तिमाही आंकड़े बताते हैं कि यह आंकड़ा और भी ऊपर गया है। दिसंबर 2025 तक, रोलिंग चार तिमाही आधार पर नई परियोजना घोषणाएं 22.5 लाख करोड़ रुपये तक दर्ज की गईं।
लार्सन ऐंड टुब्रो के समूह मुख्य अर्थशास्त्री सच्चिदानंद शुक्ला ने कहा, ‘हालांकि यह उम्मीद की जा रही थी कि दोहरी अपस्फीति के कारण विनिर्माण में थोड़ी गिरावट का रुझान हो सकता है, नई श्रृंखला के आंकड़े यह दर्शाते हैं कि शायद संगठित और असंगठित दोनों ही क्षेत्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।’
उन्होंने कहा कि पिछली बार जब सरकार ने जीडीपी के आकलन और मूल्यवर्धन का तरीका बदला था तब से बहुत महत्त्वपूर्ण तकनीकी और विधायी बदलाव हो चुके हैं। इनका परिणाम हमारी अर्थव्यवस्था के ढांचे में महत्त्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखने को मिल सकता है।
इलेक्ट्रॉनिक भुगतान ने यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के साथ जोर पकड़ लिया है और तकनीक की मदद से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण का नतीजा सीधे लाभार्थियों के खाते में पैसा स्थानांतरित होने के रूप में सामने आया है। इससे लीकेज कम करने में मदद मिली है। विधायी बदलावों में ऋणशोधन अक्षमता एवं दिवालिया संहिता (आईबीसी), विभिन्न राज्यों में अचल संपत्ति नियामक प्राधिकरण (रेरा) की स्थापना और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) शामिल हैं, जिन्होंने अर्थव्यवस्था को अधिक औपचारिक बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। इन तकनीकी और विधायी बदलावों से उत्पन्न बढ़े हुए औपचारिकीकरण का विनिर्माण अनुमानों पर अधिक प्रभाव पड़ने की संभावना है। अर्थव्यवस्था के अन्य हिस्सों से भी उम्मीद है कि उन्हें बेहतर अनुमानों से लाभ मिलेगा।
एमके ग्लोबल की मुख्य अर्थशास्त्री माधवी अरोड़ा ने कहा, ‘वे सेवाओं को अधिक बेहतर तरीके से दर्ज करने वाले हैं।’ उन्होंने कहा कि जीएसटी और अन्य डेटा स्रोतों का इस्तेमाल सेवाओं को बेहतर बनाएगा।
कंपनी के नतीजों और राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज विनिर्माण वृद्धि के बीच का अंतर कई बार बड़ा रहा है। उदाहरण के लिए, 2014-15 में विनिर्माण सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) की सालाना वृद्धि दर 9.62 प्रतिशत थी, जबकि सूचीबद्ध विनिर्माण कंपनियों ने उसी वर्ष 1.89 प्रतिशत की गिरावट देखी। 2023-24 में विनिर्माण जीवीए 10.94 प्रतिशत बढ़ा, जबकि सूचीबद्ध कंपनियों की बिक्री वृद्धि केवल 0.63 प्रतिशत रही। कार्यप्रणाली में अंतर ने इसमें योगदान दिया हो सकता है, और नवीनतम जीडीपी श्रृंखला में अधिक सटीकता के लिए अतिरिक्त डेटा स्रोतों और कार्यप्रणालीगत बदलावों को शामिल किया गया है, ताकि वास्तविक वृद्धि (मुद्रास्फीति समायोजन के बाद) की बेहतर गणना की जा सके।
शुक्ला के अनुसार, अर्थव्यवस्था के विशिष्ट क्षेत्रों को पूरा करने वाली कंपनियां उन बदलावों पर नजर रख सकती हैं जो उनके अनुमानों को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘यदि किसी विशेष बाजार का आकार अर्थव्यवस्था में अंतर्निहित बदलावों के कारण छोटा या बड़ा हो जाता है, तो कंपनियां अपनी रणनीति को पुनः समायोजित करना चाहेंगी।‘
शुक्ला के मुताबिक, नई श्रृंखला की बदलती गतिशीलता को पूरी तरह समझने और आत्मसात करने में कुछ और तिमाहियों का समय लगेगा, और कॉर्पोरेट कार्रवाइयां तत्काल की बजाय मध्यम अवधि में सामने आ सकती हैं।
बिज़नेस स्टैंडर्ड ने पहले रिपोर्ट किया था कि सीमेंट, बिजली, निर्माण और अधोसंरचना, खनन और धातु, तथा ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों ने चालू वर्ष में भारी निवेश किया है। बड़ी निवेश करने वाली प्रमुख कंपनियों में ग्रासिम इंडस्ट्रीज, अदाणी एंटरप्राइजेज, एनटीपीसी, टाटा स्टील और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन शामिल हैं।
सरकार ने भी उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन योजना के माध्यम से विनिर्माण को बढ़ावा देने का भी प्रयास किया है।