अर्थव्यवस्था

भारत रूस से आगे भी तेल खरीदता रहेगा, ऊर्जा सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता: निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा और ऊर्जा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आर्थिक सुधारों व वित्तीय अनुशासन पर फोकस करेगा

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- September 05, 2025 | 4:43 PM IST

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा। उन्होंने साफ किया कि भारत अपनी जरूरतों के हिसाब से तेल खरीदने का फैसला खुद करेगा। CNBCTv18 को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “हम अपनी जरूरतों के मुताबिक तय करेंगे कि तेल कहां से खरीदना है। यह हमारा फैसला है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा ही उसकी प्राथमिकता है, न कि कोई बाहरी दबाव।

वित्त मंत्री ने आर्थिक नीतियों और सुधारों पर भी बात की। उन्होंने वित्तीय अनुशासन को बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा, “लोगों का भरोसा जीतना बहुत जरूरी है। मुनाफा कमाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता।” उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय तक विकास के लिए विश्वसनीयता और जिम्मेदार नीतियां जरूरी हैं।

Also Read | GST 2.0 झटका या जैकपॉट? SBI रिपोर्ट ने बताईं कई जरूरी बातें

टैक्स सुधारों पर बात करते हुए सीतारमण ने GST के तहत हुए बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 99 फीसदी सामान और सेवाएं अब 5 से 18 फीसदी टैक्स के दायरे में हैं। कुछ खास चीजें, जैसे कि लग्जरी और हानिकारक सामान, इसके अपवाद हैं। उन्होंने कहा, “हमें ऐसा कुछ करना था जिससे हर भारतीय पर पड़ने वाला अप्रत्यक्ष टैक्स का बोझ कम हो।”

वित्तीय प्रबंधन पर बोलते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि वित्तीय घाटे का लक्ष्य एक बड़ी चिंता है। उन्होंने कहा, “केंद्र का वित्तीय घाटा तय सीमा से कम नहीं होगा।”

First Published : September 5, 2025 | 4:43 PM IST