अर्थव्यवस्था

PM मोदी और राष्ट्रपति लूला की बैठक: भारत-ब्राजील के बीच $20 अरब के व्यापार का बड़ा लक्ष्य तय

लूला 19 फरवरी को AI समिट के लिए भारत पहुंचे थे। उन्हें राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया, जहां PM मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी मौजूद थीं

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 21, 2026 | 4:51 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने मिलकर फैसला किया कि अगले पांच सालों में भारत और ब्राजील के बीच व्यापार को 20 अरब डॉलर से ज्यादा का लक्ष्य हासिल करना है।

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश हर क्षेत्र में एक साथ आगे बढ़ने के मूड में हैं। उन्होंने लूला की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता से भारत-ब्राजील के रिश्ते काफी मजबूत हुए हैं। पीएम मोदी ने लूला को नई दिल्ली में हुए एआई इम्पैक्ट समिट में आने के लिए शुक्रिया अदा किया। दोनों देश मिलकर ग्लोबल साउथ की आवाज को दुनिया में और बुलंद कर रहे हैं।

व्यापार में नया जोश

पीएम मोदी ने जोर देकर कहा, “हमारा व्यापार सिर्फ नंबर नहीं है, बल्कि आपसी भरोसे की निशानी है। राष्ट्रपति के साथ आए बिजनेस डेलिगेशन इसी बात का सबूत है।” उन्होंने बताया कि आने वाले समय में दोनों देश इस साझेदारी को और मजबूत बनाएंगे, ताकि दोनों तरफ फायदा हो। ब्राजील को लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साथी बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत-मर्कोसुर समझौते को और विस्तार देने से रिश्ते और गहरे होंगे।

बैठक में आतंकवाद पर भी साफ बात हुई। दोनों नेता सहमत हुए कि आतंकवाद और उसके समर्थक पूरी इंसानियत के दुश्मन हैं।

Also Read: US-India Trade Deal: सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद ट्रंप का पलटवार, भारत समझौते पर कायम रुख

तकनीक के क्षेत्र में भी काफी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने बताया कि ब्राजील में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की तैयारी चल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सुपरकंप्यूटर, सेमीकंडक्टर और ब्लॉकचेन जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेज हो रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक ऐसी होनी चाहिए जो सबको साथ लेकर चले और प्रगति का रास्ता आसान बनाए।

ऊर्जा सहयोग को भी काफी अहम बताया गया। दोनों देश रिन्यूएबल एनर्जी, इथेनॉल ब्लेंडिंग और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल में तेजी लाने पर राजी हुए। पीएम मोदी ने ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस में ब्राजील की भूमिका की सराहना की। साथ ही ब्राजील के कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेसिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर को सह-अध्यक्षता के प्रस्ताव का स्वागत किया और कहा कि ब्राजील का लंबा अनुभव इस पहल को मजबूती देगा।

मंत्रियों-अधिकारियों से भी मिले मोदी-लूला

इससे पहले दोनों नेताओं ने डेलिगेशन लेवल की बातचीत की, जिसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, एनएसए अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिश्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

राष्ट्रपति लूला 19 फरवरी को AI समिट के लिए भारत पहुंचे थे। उन्हें राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया, जहां पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी मौजूद थे। लूला ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ बड़े-बड़े सीईओ का दल आया है, जो बिजनेस फोरम में हिस्सा लेकर निवेश और व्यापार के नए रास्ते तलाशेंगे। यह दौरा पीएम मोदी के जुलाई 2025 के ब्रासीलिया दौरे के बाद हो रहा है, जो 50 साल से ज्यादा समय में किसी भारतीय पीएम का पहला ब्राजील दौरा था।

First Published : February 21, 2026 | 4:16 PM IST