Clean Max Enviro IPO: रिन्यूएबल सेक्टर की कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस का आईपीओ अप्लाई करने के लिए सोमवार (23 फरवरी) से खुल गया है। आईपीओ का प्राइस बैंड 1,000 रुपये से 1,053 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। कंपनी ने इश्यू के जरिए कुल 3,100 करोड़ रुपये जुटाना का टारगेट रखा है। आईपीओ में 1,200 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है। इसके तहत करीब 1.14 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं 1,900 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) भी होगा, जिसमें करीब 1.80 करोड़ शेयर बेचे जाएंगे।
ऑफर फॉर सेल के तहत प्रमोटर कुलदीप जैन, बीजीटीएफ वन होल्डिंग्स (डीआईएफसी) और केईएमपीआईएनसी एलएलपी अपने शेयर बेचेंगे। वहीं निवेशक हिस्सेदारी बेचने वालों में ऑगमेंट इंडिया आई होल्डिंग्स और डीएसडीजी होल्डिंग एपीएस शामिल हैं।
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट का कहना है कि कंपनी ने हर साल अच्छी रेवेन्यू ग्रोथ दिखाई है और मुनाफे में भी लगातार सुधार किया है। हालांकि हाल के वित्तीय आंकड़ों के आधार पर आईपीओ की कीमत थोड़ी ज्यादा लग सकती है। लेकिन कंपनी का बेहतर एबिड्टा मार्जिन और मजबूत ऑपरेटिंग प्रदर्शन इसे सही ठहराते हैं।
ब्रोकरेज का कहना है कि जो निवेशक जल्दी मुनाफा या लिस्टिंग गेन की उम्मीद कर रहे हैं, उन्हें इस आईपीओ से दूर रहना चाहिए। लेकिन जो निवेशक मीडियम से लॉन्ग टर्म के लिए निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा मौका हो सकता है। ब्रोकरेज ने आईपीओ पर सब्स्क्राइब फॉर लॉन्ग टर्म की रेटिंग दी है।
अनौपचारिक बाजारों पर नजर रखने वाले सूत्रों के अनुसार, सोमवार को क्लीन मैक्स के नॉन-लिस्टेड शेयर 1,056 रुपये पर लगभग सपाट कारोबार कर रहे थे। यह इश्यू के अपर प्राइस बैंड के मुकाबले 3 रुपये या 0.3 प्रतिशत का मामूली ग्रे मार्केट प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे थे।
कंपनी के दस्तावेज के अनुसार, क्लीन मैक्स एनवायरो का आईपीओ निवेशकों के लिए 23 फरवरी (सोमवार) को खुलेगा और 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने का दिन आईपीओ खुलने से एक दिन पहले होगा, यानी 20 फरवरी 2026 (शुक्रवार)। शेयरों का अलॉटमेंट 26 फरवरी (गुरुवार) को तय होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर 2 मार्च (सोमवार) को एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।
निवेशक कम से कम 14 शेयरों के एक लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं। यानी प्राइस बैंड के अपर एंड के हिसाब से एक लॉट के लिए खुदरा निवेशक को कम से कम 14,742 रुपये लगाने होंगे। कंपनी ने आईपीओ में 50 प्रतिशत हिस्सा बड़े इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए, 15 फीसदी हिस्सा बड़े गैर-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए और 35 प्रतिशत हिस्सा रीटेक निवेशकों के लिए रिजर्व रखा है।
क्लीन मैक्स एनवायरो आईपीओ का रजिस्ट्रार एमयूएफजी इंटाइम इंडिया है। वहीं इस इश्यू को संभालने वाली प्रमुख संस्थाओं में एक्सिस कैपिटल, जेपी मॉर्गन इंडिया, बीएनपी परिबा, एचएसबीसी सिक्योरिटीज, आईआईएफएल कैपिटल, नोमुरा, बीओबी कैपिटल मार्केट्स और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स शामिल हैं।