अर्थव्यवस्था

Forex Reserves: विदेशी मुद्रा भंडार 2.84 अरब डॉलर बढ़कर 692.30 अरब डॉलर की नई ऊंचाई पर

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 72.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 63.61 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 12.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.54 अरब डॉलर हो गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 27, 2024 | 6:45 PM IST

Forex Reserves: देश का विदेशी मुद्रा भंडार 20 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 2.84 अरब डॉलर बढ़कर 692.30 अरब डॉलर के नए ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह देश का विदेशी मुद्रा भंडार 22.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 689.46 अरब डॉलर की नई ऊंचाई पर जा पहुंचा था।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 20 सितंबर को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 2.06 अरब डॉलर बढ़कर 605.69 अरब डॉलर हो गई। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

Also read: कर्मचारियों की संख्या के मामले में जल्दी ही SBI को पीछे छोड़ देश में नंबर 1 बन सकता है HDFC बैंक

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 72.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 63.61 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 12.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.54 अरब डॉलर हो गया।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 6.6 करोड़ डॉलर घटकर 4.46 अरब डॉलर रहा।

 

First Published : September 27, 2024 | 6:45 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)