विप्रो का शुद्ध लाभ घटा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:47 PM IST

विप्रो ने वित्त वर्ष 2023 की दूसरी तिमाही में अपने शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की है। कंपनी ने 2,659 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है जो पूर्ववर्ती वित्त वर्ष की समान तिमाही के 2,930.7 करोड़ रुपये के मुकाबले 9.2 प्रतिशत कम है।  
तिमाही के लिए राजस्व 22,539.7 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 14.6 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 4.69 प्रतिशत तक अ​धिक है। अमेरिकी डॉलर के संदर्भ में, तिमाही आधार पर कंपनी का राजस्व 4.1 प्रतिशत बढ़ा। विप्रो की दूसरी तिमाही का प्रदर्शन ब्लूमबर्ग के अनुमानों के मुकाबले कुछ कमजोर रहा है। ब्लूमबर्ग ने कंपनी का राजस्व 22,615 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 2,844 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था। 
विप्रो ने तीसरी तिमाही के लिए 0.2 से 2 प्रतिशत का राजस्व अनुमान जताया है, जो बाजार के अनुमान के मुकाबले काफी कम है और पहली तिमाही के अनुमान से भी कम है। पहली तिमाही के लिए यह अनुमान 3-5 प्रतिशत था। हालांकि कंपनी ने कहा है कि वित्त वर्ष में कंपनी दो अंक की वृद्धि बरकरार रखेगी।
विप्रो के मुख्य कार्या​धिकारी एवं प्रबंध निदेशक ​थिएरी डेलापोर्टे ने कहा, ‘तिमाही में हमारा मजबूत प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि प्रतिफल में हमारी रणनीति के अपे​क्षित परिणाम निकल रहे हैं। नि​श्चित तौर अनि​श्चितता बनी हुई है और हम सतर्कता बरत रहे हैं तथा इस तथ्य को स्वीकार कर रहे हैं कि बाजार एक साल पहले के मुकाबले काफी बदला है।’
हालांकि उन्होंने कहा कि सौदा प्रवाह कंपनी के लिए मजबूत है और उसने 72.5 करोड़ डॉलर की कुल अनुबंध वैल्यू के 11 बड़े सौदे किए हैं। तिमाही के लिए मार्जिन 15.1 प्रतिशत रहा, जो तिमाही आधार पर 16 आधार अंक की वृद्धि है।
विप्रो के मुख्य वित्तीय अ​धिकारी जतिन दलाल ने कहा, ‘हमने वेतन वृद्धि और पदो​न्नति का प्रभाव झेलने के बाद दूसरी तिमाही में 15.1 प्रतिशत का मार्जिन हासिल किया है। हमारे मार्जिन को बेहतर कीमतों और स्वचालन केंद्रित उत्पादकता में मजबूत परिचालन संबं​​धित सुधार से मदद मिली। हमारा परिचालन नकदी प्रवाह मजबूत रहा और यह वर्ष के लिए हमारी शुद्ध आय के 181 प्रतिशत पर दर्ज
किया गया।’ कंपनी ने कहा कि वह ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपनी प्रतिभाओं के कौशल पर लगातार निवेश करेगी। 
 

First Published : October 12, 2022 | 10:39 PM IST