होम अप्लायंसेज क्षेत्र की प्रमुख कंपनी व्हर्लपूल ऑफ इंडिया ने अप्रैल से जून तिमाही के दौरान अपने करोपरांत लाभ (पीएटी) में 62 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। तिमाही के दौरान उसका शुद्ध लाभ बढ़कर 25.5 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान अवधि में 15.8 करोड़ रुपये रहा था।
तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 30.5 फीसदी बढ़कर 1,341 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि कंपनी ने कमजोर आधार पर अपने राजस्व में वृद्धि दर्ज की है क्योंकि पिछले साल जून तिमाही में उसके राजस्व में गिरावट दर्ज की गई थी। कोविड-पूर्व प्रदर्शन के मुकाबले कंपनी का परिचालन राजस्व जून 2019 तिमाही के 1,974 करोड़ रुपये के मुकाबले कमजोर रहा।
हालांकि जून 2019 और जून 2020 दोनों तिमाहियों के मुकाबले कंपनी के शुद्ध लाभ में वृद्धि दर्ज की गई जिसे तैयार माल की इन्वेंट्री में उल्लेखनीय बदलाव, कार्य प्रगति पर होने और स्टॉक इन ट्रेड से बल मिला।
व्हर्लपूल ऑफ इंडिया के चेयरमैन अरविंद उप्पल ने कहा, ‘लॉकडाउन और महंगाई की दोहरी मार के बावजूद नतीजे अच्छे रहे। दूसरी लहर की गंभीरता और आपूर्ति में व्यवधान के मद्देनजर यह काफी चुनौतीपूर्ण तिमाही रही। हमारा कारोबार लगातार दमदार रहेगा और हम भविष्य को लेकर बिल्कुल आवश्वस्त हैं।’