Housing Sale Q4 2025: इस साल मकानों की बिक्री सुस्त रही। यहां तक त्योहारी सीजन के दौरान भी मकान कम बिके। देश के 9 प्रमुख शहरों में 2025 की चौथी तिमाही में मकानों की बिक्री के आंकड़े बीती 17 तिमाहियों में सबसे कमजोर रहे। हालांकि इस कमजोरी के बीच दिल्ली-एनसीआर और नवी मुंबई का प्रदर्शन अच्छा रहा क्योंकि इस मार्केट में सालाना और तिमाही दोनों आधार पर मकान ज्यादा बिके।
रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म प्रॉपइक्विटी की रिपोर्ट के अनुसार भारत के शीर्ष 9 शहरों में 2025 की चौथी तिमाही के दौरान 98,019 मकान बिके, जो पिछले साल इसी तिमाही में बिके 1,16,137 मकान की तुलना में 16 फीसदी कम हैं। यह 2021 की तीसरी तिमाही के बाद सबसे कम तिमाही बिक्री है। चौथी तिमाही में तिमाही आधार पर भी 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
Also Read: Indian office market 2025: भारत में ऑफिस लीजिंग 700 लाख वर्ग फुट पार, अगले साल भी जारी रहेगी मजबूती
प्रॉपइक्विटी के संस्थापक और सीईओ समीर जसूजा ने कहा कि परंपरागत रूप से अक्टूबर-दिसंबर की अवधि त्योहारी सीजन के कारण मजबूत बिक्री और नई परियोजनाओं के लॉन्च के लिए जानी जाती है। लेकिन इस साल इस तिमाही के दौरान भी मकानों की बिक्री में गिरावट देखने को मिली। हालांकि, हालिया गिरावट बाजार में महंगे सेगमेंट की ओर झुकाव को दर्शाती है, जहां मात्रा में मकानों की बिक्री घटने के बावजूद मूल्य में वृद्धि हो रही है। यह रुझान 2024 से लगातार जारी है।
उदाहरण के तौर पर 2023 में लगभग 4.81 लाख मकान लॉन्च किए गए, जिनका कुल मूल्य 6.3 लाख करोड़ रुपये था। इसके विपरीत 2024 में करीब 70 हजार की कमी के साथ 4.11 लाख मकान लॉन्च हुए। लेकिन कुल मूल्य बढ़कर 6.8 लाख करोड़ रुपये हो गया।
चौथी तिमाही मकानों की कुल बिक्री में गिरावट के बीच दिल्ली-एनसीआर और नवी मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट ने अच्छा प्रदर्शन किया। प्रॉपइक्विटी के मुताबिक देश के 9 प्रमुख शहरों में नवी मुंबई और दिल्ली-एनसीआर में चौथी तिमाही के दौरान सालाना आधार पर मकानों की बिक्री में क्रमश: 13 और 4 फीसदी इजाफा हुआ, जबकि बाकी 7 शहरों में इनकी बिक्री में 31 फीसदी तक की गिरावट देखी गई। दिल्ली एनसीआर में चौथी तिमाही में 11,712 , जबकि नवी मुंबई में 7,496 मकान बिके।
| शहर | Q4 2024 | Q3 2025 | Q4 2025 | तिमाही आधार (QoQ) | सालाना आधार (YoY) |
|---|---|---|---|---|---|
| बेंगलुरु | 15782 | 16840 | 15603 | -7% | -1% |
| चेन्नई | 4688 | 5406 | 4542 | -16% | -3% |
| हैदराबाद | 13902 | 12860 | 11323 | -12% | -19% |
| कोलकाता | 4497 | 4732 | 3995 | -16% | -11% |
| मुंबई | 12223 | 9691 | 9135 | -6% | -25% |
| नवी मुंबई | 7496 | 7212 | 8434 | 17% | 13% |
| पुणे | 22940 | 17762 | 15788 | -11% | -31% |
| ठाणे | 22817 | 14877 | 16987 | 14% | -26% |
| दिल्ली-एनसीआर | 11792 | 10990 | 12212 | 11% | 4% |
| कुल | 116137 | 100370 | 98019 | -2% | -16% |
स्रोत: प्रॉपइक्विटी
Also Read: भारत की शिकायत लेकर WTO पहुंचा चीन, IT सामानों पर टैरिफ और सोलर PLI स्कीम पर उठाए सवाल
प्रॉपइक्विटी के अनुसार 2025 की चौथी तिमाही में नई लॉन्चिंग में भी कमी देखने को मिली है। सालाना आधार पर नई लॉन्चिंग 10 फीसदी घटकर 88,427 रह गई। हालांकि दिल्ली-एनसीआर (29%), नवी मुंबई (15%) और चेन्नई (9%) में लॉन्चिंग में वृद्धि दर्ज की गई, जबकि अन्य 6 शहरों में यह 30 फीसदी तक घट गई। तिमाही आधार पर भी लॉन्चिंग में 4 फीसदी गिरावट दर्ज की गई।
| शहर | Q4 2024 | Q3 2025 | Q4 2025 | तिमाही आधार (QoQ) | सालाना आधार (YoY) |
|---|---|---|---|---|---|
| बेंगलुरु | 18659 | 18453 | 15587 | -16% | -16% |
| चेन्नई | 3161 | 7708 | 3455 | -55% | 9% |
| हैदराबाद | 10529 | 12424 | 9773 | -21% | -7% |
| कोलकाता | 4831 | 4512 | 3742 | -17% | -23% |
| मुंबई | 9068 | 5820 | 7643 | 31% | -16% |
| नवी मुंबई | 6394 | 6056 | 7330 | 21% | 15% |
| पुणे | 16639 | 15799 | 13825 | -12% | -17% |
| ठाणे | 18327 | 9521 | 12765 | 34% | -30% |
| दिल्ली-एनसीआर | 11056 | 11936 | 14307 | 20% | 29% |
| कुल | 98664 | 92229 | 88427 | -4% | -10% |
स्रोत: प्रॉपइक्विटी
अगले साल मकानों की बिक्री में इजाफा होने की उम्मीद है। आने वाले वर्ष के दृष्टिकोण पर जसूजा ने कहा कि 2025 के कम आधार के कारण अगले साल मकानों की बिक्री के आंकड़े सकारात्मक रह सकते हैं। 2025 में डेवलपर द्वारा जुटाए गए फंड के 2026 में नई परियोजनाओं के लॉन्च में बदलने की उम्मीद है। बाजार में अब भी मजबूत विकास क्षमता मौजूद है। बैंकों द्वारा कुल 125 बेसिस पॉइंट की रीपो दर कटौती का बेहतर ट्रांसमिशन होने से होम लोन दरें घट सकती हैं। जिससे मकानों की मांग को और समर्थन मिलेगा। इसके अलावा, सरकार का सक्रिय रुख भी एक बड़ा सकारात्मक पहलू बना हुआ है।